गई भैंस पानी में : 9000 रुपये में पड़ा भैंस का गोबर, जानिए पूरा मामला

जयेंद्रगंज लश्कर में रात में दुकान बंद करने के बाद सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर 7000 रुपये का जुर्माना वसूला गया और दुकानदारों को हिदायत दी गई कि अपनी दुकानों के पास दो-दो डस्टबिन रखना अनिवार्य है।
buffalo on road gwalior

Gwalior News : खबर की हैडिंग पढ़कर आप आश्चर्य में पड़ गए होंगे कि भैंस का गोबर 9000 रुपये में कैसे? जी हाँ ये सच है, सड़क पर भैंस बांधकर उसका गोबर सड़क पर फेंककर गंदगी करने वाले एक भैंस डेयरी संचालक से जुर्माने के तौर पर ग्वालियर नगर निगम ने इतनी राशि वसूल की है।

ग्वालियर नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के तहत शहर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में गंदगी करने वाले, अमानक पॉलीथिन का उपयोग करने वालों एवं पान गुटके की पीक को थूक कर सड़क पर रेड स्पॉट बनाने वाले लोगों पर जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।

भैंस डेयरी मालिक को भरना पड़े 9000 रुपये 

जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य अधिकारी अजय ठाकुर की टीम ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 14 में निरीक्षण पर थी, यहाँ उन्हें सड़क पर भैंसे बंधी दिखाई दी और गोबर भी दिखाई दिया, टीम ने सार्वजनिक रास्ते पर भैंस बांधने एवं गोबर की गंदगी फैलाने पर डेयरी मालिक को फटकार लगाई और उसपर 9000 रुपये का जुर्माना लगाया।

ठेले वालों पर नगर निगम का एक्शन  

नगर निगम की टीम ने इसके साथ ही दुकानदारों, ठेले वालों द्वारा गंदगी फैलाने पर 1400 रुपये का जुर्माना वसूल किया। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य अधिकार भीष्म कुमार पमनानी की टीम ने अमानक पॉलीथिन का उपयोग करने वाले एवं गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों से 11,800 रुपये का जुर्माना वसूल किया।

दुकानदारों को दी गई सख्त हिदायत

ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य अधिकारी किशोर चौहान की टीम ने खुलासंतर मुरार में शराब की दुकान से अमानक पॉलिथीन एवं गिलास जप्त किया और 500 रुपये का जुर्माना किया। इसके साथ ही जयेंद्रगंज लश्कर में रात में दुकान बंद करने के बाद सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर 7000 रुपये का जुर्माना वसूला गया और दुकानदारों को हिदायत दी गई कि अपनी दुकानों के पास दो-दो डस्टबिन रखना अनिवार्य है।

भवन बनाते समय ग्रीन नेट नहीं लगाने पर 2000 रुपये का जुर्माना

नगर निगम अधिकारियों की टीम भवन निर्माण के लिए दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने वालों पर सख्त है, क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 8 वार्ड क्रमांक 25 मुरार में भवन बनाते समय ग्रीन नेट नहीं लगाने पर टीम ने 2000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews