ईरान इजरायल अमेरिका युद्ध के कारण बने हालातों पर इन दिनों पूरी दुनिया की नजर है, सबसे चिंताजनक बात होर्मुज के बंद हो जाने से कच्चे तेल की सप्लाई रुक गई है जिससे गैस, पेट्रोल, डीजल, केरोसिन की किल्लत बढ़ सकती है, हालाँकि भारत सरकार ने साफ कर दिया है यहाँ किसी प्रकार की परेशानी नहीं है इसी बीच ईरान ने होर्मुज के रास्ते भारत के लिए एक जहाज कच्चा तेल निकलने दिया जो मुंबई पहुंच भी गया लेकिन राहुल गांधी और विपक्ष देश में एलपीजी की किल्लत को लेकर प्रदर्शन पर उतारू है और प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर है।

ग्वालियर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से जब मीडिया ने प्रदेश में एलपीजी की उपलब्धता पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई किल्लत नही है, हमने सभी जिला प्रशासन को ताकीद किया है कि किसी प्रकार की कोई घबराहट की जरूरत नहीं है कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जा रही है, उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास का एक वातावरण बना है लेकिन बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है राहुल गांधी लगातार देश को लज्जित करने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल सब सुलभ है: सीएम 

सीएम ने कहा राहुल गांधी को अपनी गंभीरता का एहसास होना चाहिए जब दुनिया युद्ध के मुहाने पर खड़ी है ऐसे में देश का एकजुट होना जरूरी है, पक्ष और विपक्ष को एक साथ होना जरूरी है। राहुल गांधी लगातार देशवासियों के साथ प्रशासन को लज्जित करने का काम कर रहे हैं मैं इसकी निंदा करता हूं देश और प्रदेशवासियों से अपील करता हूं कि कोई क्राइसिस नहीं है एलपीजी, पेट्रोल, डीजल सब सुलभ है सरकार के निर्देशों का पालन करें हम सुव्यवस्था बना रहे हैं।

सिंधिया ने याद दिलाया यूक्रेन रूस युद्ध का समय 

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यूक्रेन रूस युद्ध की बात याद दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर हम चार कैबिनेट मंत्रियों को भेजा गया था, युद्ध के समय में भी भारतीय छात्रों को निकालने के लिए दोनों पक्ष ने मदद की थी जब वह एक दूसरे से लड़ रहे थे, आज भी सभी ने देखा होगा सुना होगा स्टेट आफ होर्मुज जो एक सेंसिटिव इलाका है जहां से पूरा उत्पादन तेल का और गैस का विश्व भर के लिए निकलता है वो सभी देशों के लिए ब्लॉक है केवल भारत के लिए ईरान द्वारा खोला गया है ताकि भारत में कोई कमी ना हो, यह क्यों संभव हुआ है ये प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के कारण संभव हुआ है।

सिंधिया ने कहा इस स्थिति में विपक्ष का दायित्व होना चाहिए था कि वो प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद ज्ञापित करते लेकिन विपक्ष देश को नीचा दिखाने का काम कर रहा है, प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कहा है कि हम कोई कमी नहीं आने देंगे केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने भी इस बात को सदन में स्पष्ट कहा है, कि देश में गैस, पेट्रोल , डीजल केरोसिन की कोई कमी नहीं है, युद्ध के हालात में यह हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है।