मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है, हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच ने विजयपुर विधानसभा चुनाव को शून्य घोषित करते हुए विधायक मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को निरस्त कर दिया है, भाजपा के प्रत्याशी रहे रामनिवास रावत ने मुकेश मल्होत्रा पर चुनाव नामांकन पत्र में आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने के आरोप लगाये थे।
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच के जस्टिस जीएस अहलूवालिया ने विजयपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रहे पूर्व मंत्री रामनिवास रावत की याचिका पर सुनवाई करते हुए विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित कर दिया है। इस आदेश के तहत अब रामनिवास रावत विजयपुर विधानसभा सीट के नए विधायक होंगे।
चुनाव नामांकन में आपराधिक मामले छिपाने का आरोप
रामनिवास रावत एक वकील एमपी एस रघुवंशी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि हमने अदालत को अपनी याचिका में कहा कि मुकेश मल्होत्रा ने उपचुनाव के दौरान दाखिल नामांकन में अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक प्रकरणों की जानकारी छिपाई थी जो नियमों का उल्लंघन है।
हाई कोर्ट ने रामनिवास रावत को विधायक घोषित किया
याचिका में राम निवास रावत ने मुकेश मल्होत्रा के खिलाफ दर्ज सभी 6 आपराधिक मामलों की जानकारी दी थी। कोर्ट ने याचिका स्वीकार करने के बाद सुनवाई करते हुए मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित कर दिया और उपचुनाव में दूसरे स्थान पर रहने वाले भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत को विजयपुर का विधायक घोषित कर दिया है।






