सड़क पर निकले कलेक्टर, एसपी, शहर के कई स्थानों पर देखा ट्रैफिक मैनेजमेंट

सड़क पर निकले कलेक्टर, एसपी, शहर के कई स्थानों पर देखा ट्रैफिक मैनेजमेंट

ग्वालियर ।  शहर के व्यस्ततम मार्ग ऊँट पुल, गश्त का ताजिया, राम मंदिर, पाटनकर चौराहा एवं जीवाजीगंज के यातायात को व्यवस्थित करने तथा पार्किंग की व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अनुराग चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने बुधवार को देर शाम शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

कलेक्टर अनुराग चौधरी ने पाटनकर चौराहे पर खड़े होने वाले लोडिंग ऑटो स्टेण्ड को भी व्यवस्थित करने तथा पुराने पेट्रोल पम्प के स्थान का समतलीकरण कर पार्किंग व्यवस्थायें विकसित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुराने हाईकोर्ट से ऊँट पुल होते हुए दौलतगंज की ओर आने वाले यातायात तथा राम मंदिर से पुराने हाईकोर्ट की ओर जाने वाले यातायात को व्यवस्थित करने के संबंध में भी ट्रैफिक पुलिस एवं नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थायें करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने गश्त के ताजिया को यातायात की दृष्टि से और बेहतर करने के संबंध में भ्रमण कर आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। गश्त के ताजिया पर महाराज बाड़ा की ओर से आने वाले ट्रैफिक तथा नई सड़क से आने वाले ट्रैफिक को सुधारने के भी निर्देश दोनों अधिकारियों ने दिए। साथ ही  राम मंदिर चौराहे पर भी यातायात को बेहतर करने की दृष्टि से आवश्यक डिवाइडर एवं बैरीकेटिंग के संबंध में पुलिस एवं नगर निगम के अधिकारियों   से कहा गया। मुख्य मार्ग पर सड़क पर खड़े वाहनों को हटाने के निर्देश देते हुए सड़क के बाहर दुकानदारों द्वारा रखी गई सामग्री को भी अंदर रखने के निर्देश दिए। यातायात पुलिस द्वारा इस दौरान चार वाहनों पर चालान की कार्रवाई कर 6 वाहनों को जब्त कर पुलिस थाने भेजने की कार्रवाई की। सराफा शासकीय माध्यमिक विद्यालय के 100 मीटर की परिधि में सिगरेट, गुटखा, बीड़ी आदि विक्रय करने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पाटनकर चौराहा, राममंदिर पर रामबाबू कचौड़ी की दुकान से दो घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त किए गए। भ्रमण के दौरान अधिकारियों के साथ एसडीएम अनिल बावरिया एवं डीएसपी ट्रैफिक महेश हनोतिया सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews