कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, कहा 100 दिन पूर्व भाजपा ने किया था लोकतंत्र का अपमान

कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, कहा 100 दिन पूर्व भाजपा ने किया था लोकतंत्र का अपमान

ग्वालियर। अतुल सक्सेना| मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ग्वालियर में कांग्रेस ने आज के दिन को काला दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान सभी ब्लॉक कमेटियों ने धरना प्रदर्शन आयोजित किये और भाजपा को सबक सिखाने का संकल्प लिया।

भाजपा द्वारा 100 दिन पहले षड्यंत्र रच कर जिस तरह से कांग्रेस सरकार को गिराया था आज कांग्रेस उस दिन को काला दिवस के रूप में मना रही है। मंगलवार को शहर के सभी 11 ब्लॉक कमेटियों के अध्यक्षों के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन आयोजित किये गए। कांग्रेस ने लश्कर क्षेत्र में हेमू कालानी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैलाश चावला की अध्यक्षता में माधवगंज में नगर निगम के पुराने वार्ड आफिस के नीचे धरना देकर कांग्रेस ने काला दिवस मनाया । धरने को सम्बोधित करते हुए मुख्य वक्ता जिला कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा ने कहा कि आज से 100 दिन पूर्व भाजपा ने बाबा साहब अम्बेडकर द्वारा आम नागरिकों को अधिकार के रूप में दिलाये गये मताधिकार का अपमान किया। भाजपा ने कांग्रेस के 22 विधायकों को जोड़ तोड़ कर एवं उनकी खरीद फरोख्त करके बाबा साहब को लज्जित कर जनता का अपमान किया है जिसका ग्वालियर एवं प्रदेश की जनता समय आने पर करारा जबाब देगी। आनंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता को अपने वोट की ताकत का अहसास है, मतदाता में भारी नाराजगी है इसलिए आने वाले उप चुनाव में ग्वालियर जिले की तीनों एवं प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा को पराजित कर सर्वधर्म समभाव की नीति पर चलने वाली गरीबों एवं सर्वहारा वर्ग की पार्टी कांग्रेस पार्टी को विजयश्री दिलाकर एक बार फिर से कमलनाथ को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर पदस्थ कराकर ही दम लेगी और बिकाऊ जनप्रतिनिधियों से अपने अपमान का बदला लेगी। आज के धरने को शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष अमर सिंह माहौर, दिनेश पांडे,मेहबूब भाई चेनवाले,रमेश भारतीय, धर्मेंद्र जैन, मनोज जैन,अंसार अहमद,श्याम सुंदर श्रीवास्तव आदि ने संबोधित किया। धरना कार्यक्रम का संचालन भैयालाल भटनागर ने एवं आभार प्रदर्शन ब्लाक अध्यक्ष कैलाश चावला ने किया।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews