CM Corona politics : कांग्रेस का कटाक्ष- “वन्य प्राणियों की इम्युनिटी तो स्ट्रॉंग होती है”

CM Corona politics : कांग्रेस का कटाक्ष- “वन्य प्राणियों की इम्युनिटी तो स्ट्रॉंग होती है”

ग्वालियर।अतुल सक्सेना

राजनीति का स्तर इतना नीचे गिर गया है कि अब राजनेता बीमार होने पर भी कटाक्ष करने से नहीं चूकते। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद कांग्रेस द्वारा दी जा रही प्रतिक्रियाएं इस समय चर्चा का विषय हैं। इनमें मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना तो की जा रही है लेकिन कटाक्ष भी किये जा रहे हैं ।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन सभी मंत्रियों, नेताओं और अफसरों के सिर पर कोरोना का साया मंडरा रहा है जो पिछले दिनों मुख्यमंत्री के संपर्क में आये हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से अपना टेस्ट करवाने की अपील भी की है। इस बीच पार्टी नेताओं के साथ विपक्षी नेता भी मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस की प्रतिक्रियाओं में स्वस्थ होने की कामना के ज्यादा कटाक्ष हैं जो इस समय राजनैतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ट्वीट किया कि दुःख है आप कोरोना संकृमित पाए गए। ईश्वर आपको शीघ्र स्वस्थ करे। इसके बाद दिग्विजय ने तंज कसते हुए लिखा कि आपको सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखना था, जो आपने नहीं रखा। मुझ पर तो भोपाल पुलिस ने FIR दर्ज कर ली लेकिन आप पर कैसे करते। आगे आप अपना ख्याल रखें। दिग्विजय सिंह के ट्वीट के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा शिवराज जी आपके कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी मिलने पर बहुत दुखी हूँ। बस अफसोस इस बात का है कि जब हम कोरोना को लेकर गंभीर थे तब आप कोरोना को नाटक बता रहे थे। हम शुरू से कह रहे थे ये एक गंभीर बीमारी है इससे संभलकर रहने की जरूरत है। आप भी शायद संभलकर रहते, प्रोटोकाल, गाइड लाइन और सावधानी का पूरा ख्याल करते, इसे मजाक में नहीं लेते तो शायद आप इससे बचे रहते।

कांग्रेस के दो बड़े नेताओं के ट्वीट के बाद अब प्रदेश प्रवक्ता केके मिश्रा ने ट्वीट किया है। मुख्यमंत्री के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद केके मिश्रा ने पहले उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए ट्वीट किया और फिर कुछ घंटे बाद कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया। कांग्रेस प्रवक्ता ने ट्वीट किया “हाल में प्रदेश के राजनैतिक अभ्यारण में दो टाइगर (कथित) प्रकट हुए! वन्य प्राणी विशेषज्ञों का मानना है कि वन्य प्राणियों का इम्युनिटी सिस्टम स्ट्रॉंग होता है, तब ये टाइगर कोरोना पॉजिटिव कैसे हुए? या तो विशेषज्ञ झूठे हैं या टाइगर नकली? गौरतलब है कि शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया दोनों ही कई बार खुद को टाइगर बताते हुए कह चुके हैं कि ” टाइगर अभी जिंदा है”। तभी से कांग्रेस उनके इस बयान को लेकर हमलावर है। और मुख्यमंत्री के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद भी कांग्रेस ने इसे लपकते हुए हमला करने का मौका नहीं गंवाया।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews