गंदे पानी और सीवर समस्या को लेकर BJP पार्षद का अनोखा प्रदर्शन, दंडवत मार्च कर महापौर पर साधा निशाना

महापौर द्वारा प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाये जाने के सवाल पर पार्षद ब्रजेश श्रीवास ने कहा कि ऐसा कहकर वे अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही हैं लेकिन हम अब उन्हें ऐसा नहीं करने देंगे।
Gwalior BJP councilor protest

ग्वालियर में भाजपा पार्षद ने कड़ाकेदार सर्दी में दंडवत मार्च (BJP councilor unique protest ) निकालकर सबका ध्यान आकर्षित किया, उनके इस विरोध प्रदर्शन की वजह शहर में गंदे पानी की सप्लाई और उफनते सीवर थे, उनके मुताबिक उनके ही वार्ड में कई मोहल्लों में नलों से गंदा पानी आ रहा है लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है, पार्षद ने इन समस्याओं के लिए महापौर डॉ शोभा सिकरवार को जिम्मेदार ठहराया और उनपर गंभीर आरोप लगाये।

इंदौर में प्रदूषित पानी से हुई मौतों के बाद से उठा सियासी तूफ़ान थम नहीं रहा है, कांग्रेस जहाँ भाजपा सरकार पर हमलावर हैं तो वहीं ग्वालियर में भाजपा पार्षद ने महापौर पर निशाना साधा, ग्वालियर नगर निगम के वार्ड 21 के पार्षद ब्रजेश श्रीवास ने आज फूलबाग चौराहे पर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा से नगर निगम महापौर कार्यालय जल विहार तक दंडवत मार्च निकाला।

BJP पार्षद का दंडवत मार्च, निशाने पर ग्वालियर महापौर  

भाजपा पार्षद ब्रजेश श्रीवास ने दंडवत मार्च के दौरान मीडिया से बात करते हुए ग्वालियर नगर निगम की महापौर कांग्रेस नेत्री डॉ शोभा सिकरवार पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि शहर में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है, सीवर उफन रहे हैं, सड़कें बदहाल हैं ये सब किसकी जिम्मेदारी है? उन्होंने कहा महापौर गहरी नींद में सोई हुई हैं, उनका ध्यान शहर के नागरिकों को हो रही परेशानी पर नहीं है।

पार्षद ने महापौर पर लगाये जिम्मेदारियों से भागने के आरोप 

पार्षद श्रीवास ने कहा अधिकारी किसी की सुनते नहीं हैं , हम पार्षद जनता की बात को परिषद् में उठा सकते हैं इससे ज्यादा हम प्रदर्शन कर सकते हैं लेकिन महापौर अधिकारियों को निर्देश दे सकती हैं क्योंकि वे उनके आदेश से बंधे हैं मगर महापौर ऐसा नहीं करती और जनता परेशान होती है। उन्होंने कहा मेरे ही वार्ड की बात करूँ तो कई मोहल्लों में गंदा पानी आता है कई बार शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं है इसलिए मजबूरी में दंडवत मार्च निकालना पड़ा है।

समस्या दूर नहीं होने पर महापौर कार्यालय पर भूख हड़ताल की चेतावनी 

महापौर द्वारा प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाये जाने के सवाल पर पार्षद ब्रजेश श्रीवास ने कहा कि ऐसा कहकर वे अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही हैं लेकिन हम अब उन्हें ऐसा नहीं करने देंगे। उन्होंने कहा कि यदि अब भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हम सब महापौर कार्यालय पर धरना देंगे, भूख हड़ताल करेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews