
Gwalior News : सीएम डॉ मोहन यादव के निर्देश के बाद से प्रदेश में अवैध उत्खनन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन की टीमें छापा मार कार्रवाई कर माफिया पर नकेल कस रही है, इसी क्रम में ग्वालियर जिला प्रशासन की टीम ने अवैध मुरम खनन और परिवहन पर कड़ा एक्शन लिया है।

मामला दर्ज
ग्वालियर जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने आज रविवार को छुट्टी के दिन खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, भण्डारण व परिवहन के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई की। इस कार्रवाई में एक जेसीबी मशीन, एक डंपर व चार ट्रेक्टर ट्रॉली जब्त किए। जब्त किए गए वाहन संबंधित थानों में पुलिस अभिरक्षा में खड़े कराए और खनिज पदार्थों के अवैध कारोबारों में लिप्त लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए।
पकड़ लिया ट्रेक्टर ट्रॉली
एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव के नेतृत्व में गई राजस्व, खनिज व पुलिस बल की संयुक्त टीम ने सागरताल के समीप स्थित रक्कस पहाड़ी पर छापामार कार्रवाई की। संयुक्त टीम के पहुँचने पर वहाँ मुरम के अवैध उत्खनन में संलग्न वाहनों को लेकर लोगों ने भागने की कोशिश की। टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर एक जेसीबी मशीन व मुरम से भरी हुई एक ट्रेक्टर ट्रॉली को पकड़ लिया। जेसीबी मशीन व ट्रेक्टर ट्रॉली बहोड़ापुर पुलिस थाने में खड़ी कराई गई है। साथ ही दोषियों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
डंपर जब्त
इसी तरह जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा शताब्दीपुरम, दीनदयालनगर व झाँसी रोड क्षेत्र में रेत परिवहन में लिप्त वाहनों की जाँच की। शताब्दीपुरम क्षेत्र से तीन ट्रेक्टर ट्रॉली संयुक्त टीम द्वारा जब्त की गई है। इनमें दो ट्रेक्टर ट्रॉली में रेत व एक में मुरम भरी हुई थी। इसके अलावा बिना रॉयल्टी के खनिज पदार्थों का परिवहन कर रहे एक डंपर को भी टीम द्वारा जब्त किया गया है। इन वाहनों को पुलिस थाना महाराजपुरा में भेजा गया है। साथ ही इस अवैध कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण कायम किए गए हैं।
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
लेखक के बारे में
Sanjucta Pandit
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.
मैं संयुक्ता पंडित वर्ष 2022 से MP Breaking में बतौर सीनियर कंटेंट राइटर काम कर रही हूँ। डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन और बीए की पढ़ाई करने के बाद से ही मुझे पत्रकार बनना था। जिसके लिए मैं लगातार मध्य प्रदेश की ऑनलाइन वेब साइट्स लाइव इंडिया, VIP News Channel, Khabar Bharat में काम किया है।
पत्रकारिता लोकतंत्र का अघोषित चौथा स्तंभ माना जाता है। जिसका मुख्य काम है लोगों की बात को सरकार तक पहुंचाना। इसलिए मैं पिछले 5 सालों से इस क्षेत्र में कार्य कर रही हुं। View all posts by Sanjucta Pandit →

