ग्वालियर संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने ग्वालियर नगर निगम में पदस्थ PHE के कार्यपालन यंत्री संजीव कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया है, संजीव गुप्ता के पास जल प्रदाय एवं सीवर संधारण की जिम्मेदारी थी लेकिन फील्ड से लेकर मीटिंगों तक इन कार्यों के प्रति उनकी उदासीनता को देखते हुए उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
ग्वालियर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने संभाग आयुक्त मनोज खत्री को पीएचई के कार्यपालन यंत्री (मूल पद सहायक यंत्री) के निलंबन का प्रस्ताव भेजा था, इस प्रस्ताव में निगम कमिश्नर ने कार्यपालन यंत्री संजीव कुमार गुप्ता की कार्य के प्रति लापरवाही की जानकरी दी थी, उन्होंने बताया कि गुप्ता के पास जल प्रदाय एवं सीवर संधारण कार्यों की जिम्मेदारी थी लेकिन वे अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरत रहे थे उन्हें समय-समय में कई कारण बताओ नोटिस भी जारी किये गये।
निगम कमिश्नर ने बताया कि 20 अप्रैल 2026 को आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग आयोजित की गई थी जिसमें जल प्रदाय/सीवरेज विषय की समीक्षा किये जाने पर अमृत 2.0 सीवरेज प्रोजेक्ट एसएलटीसी में स्वीकृत की गयी डीपीआर की एनआईटी संचालनालय स्तर पर नियुक्त कन्सलटेन्ट फर्म से समन्वय कर आगामी कार्यवाही हेतु प्रस्तुत की जानी थी, किन्तु कार्यपालन यंत्री गुप्ता द्वारा इसमें कोई रुचि नहीं ली गई।
इस लापरवाही को देखते हुए आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास ने कार्यपालन यंत्री संजीव कुमार गुप्ता के विरुद्ध कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये थे। जिसके बाद गुप्ता का 15 दिन का वेतन काटने सबंधी प्रस्ताव मुख्य अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ग्वालियर परिक्षेत्र ग्वालियर को भेजा गया है।
अपर मुख्य सचिव को मिली पजल और सीवर की समस्या
निगम कमिश्नर ने बताया कि आज 8 मई 2026 को अपर मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास भोपाल द्वारा ग्वालियर शहर में भ्रमण किया गया इस दौरान विभिन्न स्थानों पर सीवर एवं पेयजल संबंधी कार्यों की संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर एवं विभिन्न स्थानों पर सीवर/पेयजल समस्या दिखाई दी।
कार्यपालन यंत्री को निलंबित करने के निर्देश
जब इस लापरवाही पर अपर मुख्य सचिव ने कार्यपालन यंत्री गुप्ता से स्पष्टीकरण मांगा तो वे कोई समाधानकारक जबाव नहीं दे पाए जिस पर अपर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताई। अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में भी सीवरेज कार्य से संबंधित जानकारी चाहे जाने पर भी कार्यपालन यंत्री गुप्ता द्वारा तथ्यात्मक जानकारी प्रस्तुत नहीं की गयी। जिस पर नाराज होते हुए उन्होंने गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किये जाने संबंधी प्रस्ताव भेजे जाने के निर्देश दिये।
अपर मुख्य सचिव के निर्देश मिलने के बाद निगम कमिश्नर संघ प्रिय ने कार्यपालन यंत्री PHE संजीव कुमार गुप्ता के निलंबन का प्रस्ताव संभाग आयुक्त को भेजा जिस पर संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने एक्शन लेते हुए कार्यपालन यंत्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, उन्होंने आदेश में बताया कि निलंबन अवधि में संजीव कुमार गुप्ता का मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ग्वालियर रहेगा, इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।







