Hindi News

IPL 2026 में KKR ने DC को 8 विकेट से हराया, कोलकाता की लगातार चौथी जीत, दिल्ली के लिए मुश्किल हुआ प्लेऑफ का सफर

Written by:Rishabh Namdev
Published:
कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की है। दरअसल फिन एलन ने तूफानी शतक जड़कर टीम को विजय दिलाई है।
IPL 2026 में KKR ने DC को 8 विकेट से हराया, कोलकाता की लगातार चौथी जीत, दिल्ली के लिए मुश्किल हुआ प्लेऑफ का सफर

इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। वहीं इस शानदार जीत के साथ कोलकाता ने अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की, जबकि दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग समाप्त हो गईं हैं। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस एकतरफा मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपनी उम्मीदें अभी भी कायम रखी हैं।

दिल्ली कैपिटल्स ने 143 रन का लक्ष्य दिया

कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। दिल्ली कैपिटल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 142 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 143 रन के लक्ष्य को मात्र 14.2 ओवर में 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। कोलकाता की जीत में सलामी बल्लेबाज फिन एलन का अहम योगदान रहा। उन्होंने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई और इसी के साथ अपना शतक भी पूरा किया। फिन एलन ने 47 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 100 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। कैमरन ग्रीन ने भी उनका बखूबी साथ निभाया और 33 रन बनाकर नाबाद रहे।

पाथुम निसांका ने अर्धशतकीय पारी खेली

दिल्ली की ओर से पाथुम निसांका ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 29 गेंदों में 50 रन बनाए। उनके अलावा आशुतोष शर्मा ने 39 रन का योगदान दिया, जबकि कप्तान केएल राहुल ने 23 रन की पारी खेली। कोलकाता के गेंदबाजों ने दिल्ली को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। अनुकूल रॉय और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट झटके। वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और कैमरन ग्रीन को एक-एक सफलता मिली। दिल्ली का एक बल्लेबाज रनआउट होकर पवेलियन लौटा।

इस मुकाबले के लिए दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग-XI में केएल राहुल (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, लुंगी एनगिडी, मिचेल स्टार्क और विपराज निगम शामिल थे। कुलदीप यादव इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर आए। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा को जगह मिली। फिन एलन ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर शानदार प्रदर्शन किया।

कोलकाता ने 12वें ओवर में 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया। कैमरन ग्रीन ने कुलदीप यादव की तीसरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को तिहरे अंक तक पहुंचाया। इसी ओवर की पहली गेंद पर फिन एलन ने भी एक शानदार छक्का जड़ा। 11वें ओवर में कोलकाता के फिन एलन ने अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने मिचेल स्टार्क की पहली गेंद पर छक्का मारकर यह उपलब्धि हासिल की। इस छक्के के साथ ही उन्होंने कैमरन ग्रीन के साथ अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की।

कैमरन ग्रीन ने 94 मीटर का लंबा छक्का लगाया

143 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही कोलकाता की शुरुआत दिल्ली की तुलना में खराब रही। टीम ने पावरप्ले के 6 ओवर में 43 रन बनाने में ही दो विकेट गंवा दिए थे, जबकि दिल्ली ने अपने पावरप्ले में 55 रन पर सिर्फ एक विकेट खोया था। छठे ओवर में कैमरन ग्रीन ने अक्षर पटेल की दूसरी गेंद पर 94 मीटर का लंबा छक्का लगाया। यह छक्का इतना जोरदार था कि गेंद स्टेडियम से बाहर चली गई और दूसरी गेंद मंगानी पड़ी। अक्षर की फुल लेंथ गेंद ग्रीन के स्लॉट में थी, जिस पर उन्होंने डीप मिडविकेट के ऊपर से जोरदार शॉट खेला और गेंद गौतम गंभीर स्टैंड में जाकर गिरी। चौथे ओवर में कोलकाता ने दूसरा विकेट गंवाया। अक्षर पटेल ने अंगकृष रघुवंशी (एक रन) को बोल्ड कर दिया। रघुवंशी ने स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर नहीं लगी। गेंद उनके हाथ से टकराकर हवा में उछली, फिर जमीन पर गिरकर वापस स्टंप्स की ओर चली गई। रघुवंशी गेंद को खोजते रहे और उसे हटाने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक गेंद स्टंप्स से टकराकर बेल्स गिरा चुकी थी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews