Hindi News

“मुस्लिम धर्म कबूल करो या इलाका छोड़ो..” जबलपुर में हिंदू महिला ने पड़ोसियों पर लगाया ‘लैंड जिहाद’ का आरोप, पुलिस में शिकायत दर्ज

Reported by:Sandeep Kumar|Edited by:Shyam Dwivedi
Published:
जबलपुर के आधारताल में एक हिंदू परिवार ने पड़ोसियों पर 'लैंड जिहाद' और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं।
“मुस्लिम धर्म कबूल करो या इलाका छोड़ो..” जबलपुर में हिंदू महिला ने पड़ोसियों पर लगाया ‘लैंड जिहाद’ का आरोप, पुलिस में शिकायत दर्ज

जबलपुर शहर में इन दिनों एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सामाजिक ताने-बाने को झकझोर कर रख दिया है। आधारताल क्षेत्र में रहने वाली एक हिंदू महिला ने अपने पड़ोसियों पर ‘लैंड जिहाद’ और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना ने पूरे शहर में चर्चा का विषय छेड़ दिया है और हिंदू संगठनों ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, आधारताल निवासी सविता लखेरा ने सीएसपी को लिखित शिकायत देते हुए बताया है कि उनके पड़ोस में जमीला मंसूरी, रूबी खान और सिराज खान रहते हैं, जिनकी नजर उनके मकान पर है। सविता लखेरा का कहना है कि ये लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं और धमकी दे रहे हैं कि यहां हिंदुओं को रहने नहीं दिया जाएगा। उनका आरोप है कि पड़ोसी उनसे कहते हैं कि इस इलाके को ‘पाकिस्तान’ बनाया जाएगा और अगर उन्हें यहां रहना है, तो मुस्लिम धर्म कबूल करना होगा। इन गंभीर आरोपों के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

सविता लखेरा ने अपनी शिकायत में बताया है कि दो साल पहले ही उन्होंने अपना घर बनवाया है, लेकिन बीते एक साल से पड़ोसी सिराज खान और उनके परिवार के सदस्य उनके मकान पर कब्जा करने की नीयत से लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। उनका कहना है कि पड़ोसी उनसे यह भी कहते हैं कि वे अपना घर बेचकर कहीं और चले जाएं, क्योंकि यहां पर ‘पाकिस्तान’ बनाया जाएगा। महिला ने बताया कि कभी उनके घर पर जानवर की हड्डियां फेंकी जाती हैं तो कभी पत्थरों से हमला किया जाता है। कुछ दिनों पहले जब उन्होंने अपने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगवाया, तो उसे भी पत्थर मारकर तोड़ दिया गया। सविता लखेरा का आरोप है कि जब उनके पति काम से बाहर चले जाते हैं, तो ये लोग घर के आसपास घूमते हैं और गंदे-गंदे इशारे करते हैं। उनकी मंशा स्पष्ट रूप से लैंड जिहाद के माध्यम से उनके घर पर कब्जा करने की है।

शिकायत में सविता ने सीएसपी को यह भी बताया कि जमीला मंसूरी और उसके साथ रहने वाले लोगों का कहना है कि उन्हें यहां मुस्लिमों की तरह ही रहना होगा, नहीं तो गंभीर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि रूबी खान का बेटा ‘लव जिहाद’ के एक मामले में नागपुर में 10 साल की जेल काट रहा है। महिला ने आरोप लगाया है कि इन लोगों द्वारा घर के बाहर जुआ, सट्टा और शराब जैसे सभी अवैध काम खुलेआम किए जाते हैं। उनकी साफ मंशा यह है कि हिंदू परिवार यहां से अपना घर खाली कर दे ताकि उनका पूरे मोहल्ले में कब्जा हो जाए और वे अपने अवैध कामों को बिना किसी रोक-टोक के अंजाम दे सकें।

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

इस गंभीर घटना को लेकर हिंदू धर्म सेना ने भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार को हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता पीड़ित महिला को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सीएसपी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज करवाई। धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत ने बताया कि जबलपुर में हिंदू परिवारों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और उन्हें धमकियां दी जा रही हैं कि वे अपने घर छोड़कर चले जाएं, क्योंकि अब यहां पर ‘पाकिस्तान’ बनेगा। नीरज राजपूत ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि जबलपुर में तेजी से ‘लैंड जिहाद’ चल रहा है, जो भविष्य में एक बड़ा खतरा बन सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंह मांगे दाम पर हिंदुओं के मकान खाली करवाए जा रहे हैं और साफ मंशा यह है कि पूरे इलाके में केवल मुस्लिम लोग ही रहें।

मामले पर पुलिस का बयान

पूरे मामले पर सीएसपी भगत सिंह गठोरिया का कहना है कि हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ताओं के साथ एक परिवार शिकायत लेकर आया था। परिवार का कहना है कि उनके पड़ोस में रहने वाले सिराज खान और अन्य लोग उनके घर पर कब्जा करने की नीयत से उन्हें परेशान कर रहे हैं। सीएसपी ने बताया कि इस घटना को गंभीरता से लिया गया है और आधारताल थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रहे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews