ड्राई डे पर कार और एक्टिवा पर खुले आम बेच रहे थे, 1 लाख से अधिक की शराब पकड़ी, तीन तस्कर गिरफ्तार

ग्वालियर जिले की हजीरा थाना पुलिस ने ड्राई डे के दिन आज 2 अक्टूबर को एक कार में बेची जा रही 55 हजार रुपये की शराब पकड़ी है वहीं महाराजपुरा थाना पुलिस ने एक्टिवा पर बिक रही शराब पकड़ी है जिसकी कीमत 56000 रुपये है, पुलिस ने शराब बेचते तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। 
Gwalior police seized liquor

ग्वालियर पुलिस ने आज 2 अक्टूबर ड्राई डे के दिन बड़ी सफलता हासिल की है, जिले के दो थाना क्षेत्रों ने तीन तस्करों को पकड़कर उनके पास से 1 लाख रुपये से अधिक की शराब पकड़ी है, तस्कर कार और एक्टिवा पर शराब बेच रहे थे लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपियों को दबोच लिया।

ग्वालियर की हजीरा और महाराजपुरा थाना पुलिस ने अपने अपने थाना क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध आज बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है, दोनों पुलिस थानों ने ड्राई डे पर गैरकानूनी तरीके से शराब बेच रहे तस्करों को पकड़कर उन्हें हवालात में बंद कर दिया है और 1 लाख 11 हजार रुपये की शराब जब्त कर ली।  पुलिस ने अवैध शराब कारोबार में उपयोग की गई कार और एक्टिवा को भी जब्त कर लिया है।

ड्राई डे पर 1 लाख से ज्यादा की शराब जब्त 

ग्वालियर पुलिस नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है, आज चूँकि गांधी जयंती पर ड्राई डे है इसलिए पुलिस एक्स्ट्रा एक्टिव थी, हजीरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गोले के मंदिर तरफ से एक सफेद रंग की मारुति कार में अवैध शराब हजीरा थाना क्षेत्र में आ रही है, मुखबिर की सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

कार में रखकर कर बेच रहा था शराब 

मुखबिर सूचना की तस्दीक कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की टीम को उक्त कार की चेंकिग हेतु गया गया। पुलिस टीम को बिरलानगर पुल के पास मुखबिर के बताये सफ़ेद रंग की कार दिखी पुलिस को देखकर कार चालक ने गति बढ़ा दी और हजीरा चौराहे के तरफ ले गया, पुलिस ने कार का पीछाकर तीन नंबर लाइन बिरलानगर हजीरा के पास कार को घेरकर रोक लिया।

ग्वालियर में बेख़ौफ़ बिक रही अवैध शराब 

कार में दो व्यक्ति थे, चालक सीट पर बैठे व्यक्ति से नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम सतेन्द्र परिहार उम्र 26 साल निवासी ग्राम खेड़ा थाना बिजौली जिला ग्वालियर का होना बताया तथा चालक के बगल वाली सीट पर बैठे व्यक्ति से नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम अशोक सिंह भदौरिया उम्र 55 साल निवासी तानसेन नगर, आर.पी. कॉलोनी थाना पड़ाव जिला ग्वालियर का होना बताया।

कार से 55 हजार की शराब जब्त दो गिरफ्तार 

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पिछली सीट पर दो काले रंग के बैग रखे हुये थे एक बैग में देशी मदिरा प्लेन की 03 पेटिया रखी मिली जिनमें कुल 150 क्वार्टर थे तथा दूसरे बैग में देशी मदिरा प्लेन की 03 पेटिया रखी हुई थी जिसमें कुल 150 क्वार्टर मिले। पुलिस द्वारा कार की डिग्गी को खोलकर देखा तो डिग्गी में एक काले रंग के बड़े थैले में देशी मदिरा प्लेन के 200 क्वार्टर रखे मिले। इस प्रकार कुल देशी मदिरा प्लेन के 500 क्वार्टर कुल मात्रा 90 लीटर जिसकी कीमत करीबन 35000/ रुपये की मिली तथा एक गत्ते के कार्टून में गोवा व्हिस्की की 12 बोतल प्लास्टिक की कीमत करीबन 6000/ रुपये है तथा चार गत्ते के कार्टून मे बोल्ट कंपनी की बीयर की कैन 500 एमएल वाली प्रत्येक कार्टून मे 24 कैन भरी हुई है, कुल कैन 96 जिनकी कीमत करीबन 14000/ रुपये है जब्त कर ली साथ ही का रको भी जब्त कर लिया।

खुले आम खाली प्लाट पर बेच रहा था शराब  

इसी प्रकार महाराजपुरा थाना पुलिस ने एक ऐसे तस्कर को पकड़ा है जो एक्टिवा पर खुले में देशी शराब और बीयर बेच रहा था, पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि शैलू नाम का व्यक्ति महावीर नगर में अपने घर के बगल से खाली प्लॉट में एक्टिवा गाड़ी पर अवैध शराब की पेटी रखकर शराब बेच रहा है। मुखबिर की सूचना की तस्दीक कराई गई जो सही निकली मुखबिर द्वारा बताये खाली प्लाट पर एक्टिवा पर एक व्यक्ति शराब बेच रहा था उसकी गाड़ी के पास और भी शराब रखी थी, पुलिस ने दबिश दी तो उसने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया ।

एक्टिवा, 56000 की शराब जब्त, आरोपी पकड़ा   

पूछताछ में उसने अपना नाम शैलू उर्फ शैलेन्द्र पाल उम्र 27 साल निवासी महावीर नगर शताब्दीपुरम ग्वालियर बताया। पुलिस टीम द्वारा मौके पर खड़ी एक्टिवा क्र. एमपी-07-जेडएच-4894 के बीच में एक प्लास्टिक की बोरी रखी मिली, जिसे खोलकर चेक किया तो उसमें सफेद देशी शराब के 150 क्वाटर रखे मिले तथा एक्टिवा के पास में 08 पेटी सफेद देशी शराब की रखी मिली। वहीं पर दो बोरी और रखी मिली जिन्हे खोलकर देखने पर एक बोरी में सफेद देशी शराब के 150 क्वाटर तथा दूसरी बोरी में बोल्ट कम्पनी की 48 बीयर की कैन व एक पेटी में बोल्ट कम्पनी की 24 बीयर की कैन रखी थी। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 56000 रुपये बताई गई है।

आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट में मामला दर्ज 

ग्वालियर ने तीनों तस्करों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है , पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और ये मालूम करने का प्रयास कर रही है है कि वे ये शराब कहाँ से लाये थे उन्हें किसने ड्राई डे पर शराब बेचने के लिए कहा था।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews