Video : जब कीचड़ में फंसी कार, मंत्री जी ने खुद लगाया धक्का, कांग्रेस ने ली चुटकी

Video : जब कीचड़ में फंसी कार, मंत्री जी ने खुद लगाया धक्का, कांग्रेस ने ली चुटकी

Energy minister’s car stuck in mud : प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर (Energy Minister Pradyuman Singh Tomar) अपने अलग अंदाज और अलग कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं, कल सोमवार को वे बदहाल सड़कों के लिए अपनी ही विधानसभा में सौरभ शर्मा नामक व्यक्ति के पैर धोते हुए और माफ़ी मांगते हुए दिखाई दिए थे। लेकिन शाम होते ही उनकी लक्जरी गाड़ी उसी ख़राब सड़क की कीचड़ में फंस गई, गाड़ी को निकालने के लिए मंत्री जी ने खुद धक्का भी लगाया जिसका वीडियो वायरल हो रहा है, जिसपर कांग्रेस ने चुटकी ली है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की कार्यशैली अन्य मंत्रियों से अलग है वो खुद को जनता का सेवक मानते हैं, उन्हें किसी भी बात में कोई झिझक नहीं होती चाहें फिर वो नाला नाली साफ़ करना हो, सड़क पर झाड़ू लगाना हो, किसी के पैरों में ढोक लगाना हो या फिर किसी के दरवाजे पर बैठकर खाना खाना हो , वे कहते हैं ये सब मेरा परिवार है, इन्होंने मुझे सेवा का मौका दिया है जो मैं कर रहा हूँ।

सोमवार को वे विनय नगर सेक्टर दो में नाराज लोगों से मिलने गए थे, लोगों ने सड़क की बदहाली, कीचड़ और गंदगी से परेशान होकर रास्ते बंद कर दिए थे, मंत्री जी ने अधिकारियों को तत्काल समस्या दूर करने के निर्देश दिए, यहाँ सौरभ शर्मा नामक युवक के कीचड़ में सने पैर देखकर मंत्री जी ने पानी मंगाकर उसे अपने हाथों से साफ़ किया, लेकिन शाम को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर विनय नगर के उसी रास्ते से जब निकले तो सड़क की कीचड़ में उनकी इनोवा गाड़ी फंस गई, ड्राइवर ने बहुत कोशिश की लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो गाड़ी को धक्का लगाया गया जिसमें मंत्री जी खुद मदद करते दिखाई दिए।

बदहाल सड़क के लिए माफ़ी मांगने वाले और युवक के कीचड़ से सने पैर खुद अपने हाथों से धोने वाले ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह का कार को धक्का लगता नया वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने इसपर चुटकी ली है। ग्वालियर जिले की दक्षिण विधानसभा के विधायक प्रवीण पाठक (Congress MLA Praveen Pathak)  ने ट्वीट कर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है।

कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक ने ट्वीट किया – “अब तो इस तालाब का पानी बदल दो ये कँवल के फूल कुम्हलाने लगे हैं।” प्रवीण पाठक ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को संबोधित करते हुए आगे लिखा “ ये सिर्फ़ मंत्रीजी की गाड़ी नहीं फँसी है आपकी भाजपा भी अब “सरकार” की भाजपा में, ऐसे ही फँस गई है। जनता को जमुरे और मदारी का खेल समझ आ रहा है। अब नहीं आम जन को ठग पाओगे इस बार सत्ता से बाहर जाओगे।”

बहरहाल ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह की कार उनकी ही विधानसभा में सड़क की कीचड़ में फंसी, जबकि ऊर्जा मंत्री पिछले ने दिनों  सड़कों की बदहाली नहीं सुधरने तक चप्पल त्याग दी थी, मगर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सुशासन दिवस 25 दिसंबर के दिन प्रद्युम्न सिंह तोमर को चप्पल पहना दी थी, अब इस वीडियो के वायरल होने के बाद प्रवीण पाठक ने बिना नाम लिए इसी बहाने सिंधिया पर निशाना साधा है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews