रेत के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, एक युवक की मौत दूसरे की हालत गंभीर, आरोपी फरार पुलिस कर रही तलाश

हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है मृतक की उम्र 25-26 साल की बताई गई है, परिजनों का कहना है कि अब विष्णु की रंगदारी चलने नहीं दी जाएगी।
Gwalior over sand dispute Youth murdered

Gwalior over sand dispute Youth murdered

ग्वालियर में रेत का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है, आज बुधवार को रेत विवाद में गोलियां चल गई और एक युवक की हत्या कर दी गई जबकि एक अन्य घायल है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, आरोपी फरार है जिनकी तलाश में पुलिस पार्टियाँ रवाना की गई हैं।

जानकारी के अनुसार दीनदयाल नगर पटरी रोड पर कुछ लोग रेत का कारोबार करते हैं, इन लोगों का बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का काम है, सत्यभान गुर्जर और विष्णु दुबे भी पास पास में ही रेत डंप करते हैं और बेचते हैं आज सुबह जब विष्णु दुबे ने अपनी रेत डंप की तो सत्यभान के दामाद भोला गुर्जर भोलू ने उसे थोड़ा ध्यान से काम करने के लिए कहा इसी बात पर इन लोगों के बीच में विवाद होने लगा।

थोड़ी ही देर में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और विष्णु ने अपनी कमर में लगी पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी उसे साथियों ने भी रायफल से फायरिंग कर दी, गोली भोला और उसके ससुर सत्यभान गुर्जर को लगी, गोलियों की आवाज सुनकर लोग दौड़े तब तक आरोपी भाग निकले।

घायल की हालत गंभीर, परिजनों में आक्रोश 

परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से घायलों को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ भोला की मौत हो गई और सत्यभान की हालत गंभीर बनी हुई है डॉक्टर उसका इलाज कर रहे है। परिजनों ने बताया कि विष्णु दुबे रिटायर फौजी हैऔर वो इसी बात की ठसक में रहता है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

आरोपियों की शीघ्र गिरफ़्तारी की मांग

हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है मृतक की उम्र 25-26 साल की बताई गई है, परिजनों का कहना है कि अब विष्णु की रंगदारी चलने नहीं दी जाएगी। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाये और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए तब तक हम शांत नहीं बैठेंगे।

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश 

एडिशनल एसपी सुमन सिंह गुर्जर ने बताया कि रेत के विवाद पर विष्णु दुबे ने अपने साथियों के साथ गोलियां चलाई हैं, इसमें भोला गुर्जर नामक युवक की मौत हो गई है जबकि सत्यभान गुर्जर अस्पताल में भर्ती है , आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है उनकी तलाश में पुलिस पार्टियाँ रवाना की गई हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews