मंत्री की अधिकारियों को दो टूक- बुजुर्ग, विधवाओं और निराश्रितों को घर पर मिले राशन

मंत्री की अधिकारियों को दो टूक- बुजुर्ग, विधवाओं और निराश्रितों को घर पर मिले राशन

ग्वालियर ।अतुल सक्सेना।

प्रदेश के खाद्य मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने निर्देश दिया हैं कि जरूरतमंदों को शासन की योजनाओं के तहत समय पर सहायता मिले, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। राशन की दुकानों के माध्यम से समय पर गुणवत्तापूर्ण राशन वितरित हो। इसकी जवाबदारी विभागीय अधिकारियों की है। विधवा, बुजुर्ग एवं निराश्रित हितग्राहियों को राशन उनके निवास पर ही उपलब्ध हो, ऐसी व्यवस्था भी की जाना चाहिए।

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण किया और जनता से उनकी समस्या सुनीं और मौके पर ही अंक निराकरण कराया। भ्रमण के दौरान भगवती माहौर एवं संगीता शर्मा मिलीं, दोनों ने ही अपनी-अपनी परेशानी बताई। मंत्री श्री तोमर ने दोनों की समस्याओं को सुनकर कलेक्टर अनुराग चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन के साथ ही नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन से चर्चा की और उनके साथ दोनों के निवास स्थान पर जाकर उनकी समस्याओं को निराकृत किया।

भगवती माहौर ने बताया कि वो निराश्रित हैं उसे दो माह से राशन नहीं मिल रहा था। उसकी शिकायत पर तत्काल दो माह का राशन उपलब्ध कराने के साथ ही रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से कलेक्टर ने तत्काल 5 हजार रुपए की सहायता भी उपलब्ध कराई। इसी प्रकार श्रीमती संगीता शर्मा के पति का निधन हो जाने पर उसे संबल योजना का लाभ न मिलने की शिकायत पर कलेक्टर ने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल संबल का प्रकरण बनाकर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संगीता शर्मा को विधवा पेंशन का लाभ भी दिलाने के निर्देश दिए गए।

खाद्य मंत्री ने भ्रमण के दौरान कलेक्टर से कहा कि 80 वर्ष से अधिक उम्र, विधवा एवं निराश्रित हितग्राहियों को उनके घर पर ही प्रतिमाह राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था जिले में प्रारंभ की जाए। इसके लिए शासन स्तर से जो भी आवश्यक कार्रवाई अपेक्षित है वह की जाएगी। मंत्री का निर्देश मिलते ही कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक राशन दुकान पर ऐसे कितने हितग्राही हैं उनकी सूची तैयार की जाए, ताकि ऐसे लोगों को घर पर राशन पहुंचाने की व्यवस्था प्रारंभ की जा सके।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने अधिकारियों के साथ वार्ड-15 के जती की लाईन का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान शासकीय स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कराने की बात भी कही। इसके साथ ही शासकीय स्कूल को और सुविधायुक्त बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को देने को कहा। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से भी कहा कि जती की लाईन क्षेत्र के खेल मैदान को साफ-सुथरा और व्यवस्थित किया जाए। कलेक्टर श्री चौधरी ने भ्रमण के दौरान कहा कि संबल योजना का लाभ जरूरतमंदों को समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जायेगा। इसके लिए नगर निगम के माध्यम से प्रत्येक वार्ड में शिविर आयोजित कर संबल योजना के साथ ही शासन की अन्य योजनाओं का लाभ भी लोगों को समय रहते मिले, इसके प्रकरण तैयार किए जायेंगे और प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित किया जायेगा। क्षेत्र में लोगों के यहां अधिक बिजली के बिल आने की शिकायत का भी निराकरण करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विद्यु‍त विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे क्षेत्र में भ्रमण के दौरान स्वयं भी उपभोक्ताओं के बिल तथा उपयोग की जा रही विद्युत खपत का आंकलन करें ताकि वस्तुस्थिति सामने आ सके।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews