ग्वालियर में निकली गंगाजल कलश यात्रा, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर व कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने खींचा रथ

Narendra Singh Tomar, Gwalior News

Gwalior News : आज पूरा देश राममय है, जगह जगह धार्मिक आयोजन हो रहे हैं, इसी क्रम में ग्वालियर में भी धार्मिक आयोजन किये गए, यहाँ अवधपुरी और जनकपुरी बनाकर मंदिरों को सजाया गया, शहर के धर्म प्रेमियों ने भजन कीर्तन किये , पूजा अर्चना की, इस अवसर पर एक भव्य गंगाजल कलश यात्रा निकाली गई, कलश यात्रा में मप्र विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह शामिल हुए, दोनों वरिष्ठ नेताओं ने अपने हाथों से कलश रथ को खींचा ।

अयोध्या में आज 22 जनवरी 2024 को रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई, इस अवसर पर ग्वालियर में कई कार्यक्रम आयोजित किये गए, ग्वालियर के फालका बाजार में स्थित प्राचीन राम मंदिर को अयोध्या के रूप में सजाया गया तो वहीँ प्राचीन सनातन धर्म मंदिर को जनकपुरी बनाया गया और आकर्षक रूप से सजाया गया।

नरेंद्र सिंह तोमर और नारायण सिंह कुशवाह ने खींचा रथ 

इस अवसर पर सनातन धर्म मंदिर (जनकपुरी) से गंगाजल कलश यात्रा निकाली गई। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर एवं प्रदेश के सामाजिक न्याय व दिव्यांगजन कल्याण और उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कलश यात्रा में हिस्सा लिया वे कलश यात्रा में आगे-आगे चले और अपने हाथ से गंगाजल कलश रथ को खींचा।

नरेंद्र सिंह तोमर ने सनातन धर्म मंदिर में की पूजा अर्चना 

इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सनातन धर्म मंदिर में भगवान श्रीराम की प्रतिमा की पूजा-अर्चना की। वरिष्ठ नेताओं ने रामलला के भव्य मंदिर निर्माण एवं उनकी प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की सभी को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। साथ ही देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

कैबिनेट मंत्री कुशवाह भी सनातन धर्म मंदिर में पूर्जा-अर्चना कर यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा से सम्पूर्ण देश के साथ मध्य प्रदेश के निवासियों में विशेष उत्साह है। आज का दिन नए सांस्कृतिक अनुष्ठान के रूप में याद किया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह पुण्य अवसर प्रदेश की खुशहाली का नया मार्ग प्रशस्त करेगा। कलश यात्रा में नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी व चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबी शामिल हुए।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews