भिंड भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, ये है पूरा मामला

District and Sessions Court Gwalior

BJP MLA Narendra Singh Kushwaha Arrest warrant issued :  अपहरण और मारपीट से जुड़े एक प्रकरण में बार बार समन भेजने के बाद भी कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे भिंड से भाजपा के विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के खिलाफ ग्वालियर की विशेष अदालत (एमपी/एमएलए कोर्ट) ने गिरफ़्तारी वारंट जारी किया है, इस मामले में गोहद से कांग्रेस के वर्तमान विधायक केशव देसाई भी सह आरोपी हैं, कोर्ट ने ग्वालियर और भिंड के एसपी को वारंट तामील कराकर अगली तारीख पर विधायक को पेश करने के निर्देश दिए हैं।

2015 का है मामला 

शासकीय अधिवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रकरण 2015 का है, शिकायत में दलित व्यक्ति बाबूराम जामौर को अवैध निरोध में रखकर मारपीट करने और उसका जातिगत अपमान करने का आरोप भिंड भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह पर है। इसमें गोहद के वर्तमान कांग्रेस विधायक केशव देसाई सहित चार लोग आरोपी बनाए गए थे, आरोपियों में से रामलखन नामक व्यक्ति की सुनवाई के दौरान मौत हो चुकी है।

पंचायत चुनाव में नामांकन भरने से जुड़ा है विवाद 

गौरतलब है कि 2015 में जब भिंड में जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव थे, इसमें बाबूराम जामौर भी सदस्य के रूप में वार्ड नंबर  छह जवासा से अपना नामांकन दाखिल करना चाह रहे थे। यहीं से भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह की पत्नी मिथलेश कुशवाह अपना नामांकन दाखिल करने की तैयारी में थी।

भाजपा विधायक पर दलित व्यक्ति का अपहरण कर मारपीट का आरोप 

विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह बाबूराम जमौर के नामांकन से नाराज थे, आरोप है कि भिंड विधायक नरेंद्र कुशवाह और गोहद से वर्तमान कांग्रेस विधायक केशव देसाई और उनके समर्थकों ने बाबूराम जामौर को बीच बाजार से अगवा कर लिया और जंगल में ले जाकर उनके साथ जमकर मारपीट की और उनका जातिगत अपमान भी किया।

भिंड पुलिस ने भाजपा विधायक के अलावा कांग्रेस विधायक को सह आरोपी बनाया  

इस मामले में बाबूराम जमौर की शिकायत पर भिंड देहात पुलिस ने भिंड विधायक नरेंद्र कुशवाह, गोहद के कांग्रेस विधायक केशव देसाई सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ दलित उत्पीड़न, अवैध निरोध में रखने और धमकाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

कांग्रेस विधायक हुए पेश, भाजपा विधायक रहे कोर्ट से गैर हाजिर 

ये मामला ग्वालियर की एमपी/एमएलए कोर्ट में विचाराधीन  चल रहा है। आज एक बार फिर इस मामले की सुनवाई हुई,  न्यायालय ने पूर्व में भी आरोपियों को अपने बयान दर्ज करने के लिए निर्देशित किया था, कोर्ट के आदेश पर गोहद से कांग्रेस के वर्तमान विधायक केशव देसाई बुधवार को न्यायालय में पेश हुए लेकिन नरेंद्र सिंह कुशवाह कोर्ट के निर्देश के बावजूद दूसरी बार पेश नहीं हुए।

गिरफ़्तारी वारंट जारी, सुनवाई 8 जनवरी को 

स्पेशल कोर्ट ने भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है और उन्हें 8 जनवरी को उपस्थित होने को कहा गया है। कोर्ट ने वारंट को तामील कराने के लिए ग्वालियर और भिंड के पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है। खास बात ये है कि एमपी एमएलए कोर्ट ने विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह की जमानत देने वाले के खिलाफ भी अलग से एक मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

[dgv_vimeo_video id=”898133050″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews