Gwalior News : अवैध शराब की ब्रिकी कर रहा होटल संचालक अवैध हथियार सहित गिरफ्तार

Gwalior News : अवैध शराब की ब्रिकी कर रहा होटल संचालक अवैध हथियार सहित गिरफ्तार

Gwalior News : ग्वालियर पुलिस को बीती रात एक बड़ी सफलता मिली है, पुलिस ने एक ऐसे होटल संचालक को गिरफ्तार किया है जो होटल की आड़ में अवैध शराब और अवैध हथियारों की बिक्री करता है, पुलिस जब इसे पकड़ने पहुंची तो होटल संचालक की कमर में लोडेड पिस्टल और कट्टा मिला, साथ ही होटल में अवैध शराब और बीयर मिली, पुलिस ने शराब और अवैध हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी मिले हैं।

दरअसल पुलिस को बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में क्षेत्र में बालाजी होटल का संचालक हथियार लेकर अवैध शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही आला अफसर हरकत में आये एसपी राजेश सिंह चंदेल ने क्राइम ब्रांच थाने एवं पुरानी छावनी थाने को संयुक्त टीम बनाकर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीम मुखबिर के बताये स्थान बालाजी होटल पुरानी छावनी पर पहुंची। पुलिस टीम को होटल संचालक अवैध शराब की ब्रिकी करता हुआ दिखा लेकिन पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर होटल संचालक ने भागने का प्रयास किया, परन्तु पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़  लिया।

पकड़े गये होटल संचालक से पूछताछ करने पर उसने खुद को पुरानी छावनी ग्वालियर का रहने वाला बताया। तलाशी लेने पर उसकी कमर में 32 बोर की लोडेड पिस्टल व 12 बोर का लोडेड एक देशी कट्टा खुरसा हुआ मिला। जिन्हें अनलोड करने पर 32 बोर पिस्टल में से 06 राउंड व 12 बोर देशी कट्टे में 01 राउंड बरामद हुआ।

पुलिस ने संचालक के पास में रखे प्लास्टिक के कट्टे को खोलकर देखा तो उसमें 57 क्वाटर देशी शराब के व 04 हंटर बीयर के कैन रखे हुये मिले। पुलिस टीम ने जब होटल संचालक के पास से मिले हथियार व शराब बेचने का वैध लायसेंस मांगा तो उसने किसी भी तरह के लायसेंस से इंकार कर दिया, इसके बाद पुलिस ने होटल संचालक से मिले अवैध हथियार व अवैध शराब को जब्त कर लिया और होटल संचालक गोलू तोमर के खिलाफ पुरानी छावनी थाने में  धारा 25,27 आर्म्स एक्ट व 34 आबकारी एक्ट का प्रकरण दर्ज कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी गोलू तोमर के खिलाफ इस अपराध से पहले पुरानी छावनी थाने में ही पहले से दो अपराध दर्ज हैं जिसमें एक आबकारी एक्ट का और एक घर में घुसकर मारपीट , गाली गलौज, धमकाने का है, पुलिस आरोपी के और आपराधिक रिकॉर्ड तलाश रही है।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews