Gwalior News : घरों में घुसा सीवर का पानी, कांग्रेस बोली जन आशीर्वाद नहीं, क्षमा यात्रा निकालो, भाजपा ने किया पलटवार  

Gwalior News : घरों में घुसा सीवर का पानी, कांग्रेस बोली जन आशीर्वाद नहीं, क्षमा यात्रा निकालो, भाजपा ने किया पलटवार  

Gwalior News : मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले नेता ज्यादा एक्टिव मोड में हैं, जीत के दावों और एक दूसरे को हराने के लिए उत्साह से भरपूर भाजपा और कांग्रेस के नेता एक दूसरे पर जुबानी हमलावर हैं, जनता परेशान है लेकिन नेताओं  को जनता की समस्या हल करने से ज्यादा चिंता इस बात की रहती है कि मीडिया आ जाये और उनके मुखिया तक उनका चेहरा पहुँच जाए। आज ऐसा ही कुछ ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की विधानसभा में देखने को मिला ..

[dgv_vimeo_video id=”863953977″]

बारिश ने खोली निगम के इंतजाम की पोल, घरों में घुसा सीवर का पानी 

ग्वालियर में पिछले तीन चार दिन से रुक रुक कर कभी तेज तो कभी धीमी बारिश हो रही है और नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा शहर की जनता भुगत रही है। सबसे बुरी स्थिति ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की विधानसभा क्षेत्र की है, यहाँ के वार्ड नंबर 3 और 4 के कई मोहल्लों, बस्तियों और कॉलोनियों में सीवर का पानी घर में घुस गया है, लोग ना  बैठ पा रहे हैं , ना सो पा रहे हैं और ना कुछ खा पा रहे हैं।

जनता बोली कोई सुनने वाला नहीं, नेताओं को अपनी राजनीति से मतलब 

लोगों का कहना है कि हमारी कोई सुनने वाला नहीं है, सत्ता में बैठे लोगों और विपक्ष में बैठे लोगों को सिर्फ अपनी राजनीति से मतलब है , स्थानीय निवासी गिरिजा दुबे ने कहा हमने पार्षद और  नगर निगम अधिकारियों से लेकर सीएम हेल्प लाइन तक शिकायत की लेकिन कोई समाधान नहीं है ।

कांग्रेस महासचिव सुनील शर्मा का तंज, भाजपा को क्षमा यात्रा निकालनी चाहिए  

समस्या की जानकारी पर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री ने एक महीने पहले यहीं चौपाल लगाई थी और आज यहाँ के निवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सीवर का पानी रसोई में घुसा है , जब मैं आया तो नगर निगम के अधिकारी और ऊर्जा मंत्री सब आ गए। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा किस बात की जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है उसे तो क्षमा यात्रा निकालनी चाहिए। जनता त्रस्त है और भाजपा के मंत्री संतरी मस्त हैं।

[dgv_vimeo_video id=”863953771″]

ऊर्जा मंत्री के पहुंचते ही निगम अमला पहुंचा, सीवर का पानी निकालने का काम शुरू   

समस्या की जानकारी मिलते ही ऊर्जा मंत्री एवं स्थानीय विधायक प्रद्युम्न सिंह तोमर वहां पहुंचे उन्होंने कहा कि आज ही मेरी जानकारी में समस्या आई मैंने तत्काल नगर निगम के अधिकारियों को बुलाकर मशीन से सफाई शुरू करवा दी है। उन्होंने कहा कि यदि नाला चौक होगा तो उसकी भी सफाई करवाई जाएगी।

[dgv_vimeo_video id=”863954123″]

ऊर्जा मंत्री का पलटवार, नगर सरकार उनकी फिर हमसे सवाल क्यों? खुद भी तो कुछ करो  

उन्होंने कहा कि कांग्रेस यहाँ आई तो उसका स्वागत है, कांग्रेस के आरोप पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि यदि समस्या उनके संज्ञान में पहले से थी तो वे सो क्यों रहे थे? महापौर उनकी है, नगर सरकार उनकी है तो उनकी भी तो जिम्मेदारी है, वे भी तो कुछ करें, खैर नैतिक जिम्मेदारी मेरी है मैं यहाँ का जन प्रतिनिधि हूँ मैं समस्या का समाधान करूँगा।

[dgv_vimeo_video id=”863954297″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews