Gwalior News : एसपी ने तीन पुलिसकर्मियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया, जानें क्या है पूरा मामला

Gwalior News : एसपी ने तीन पुलिसकर्मियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया, जानें क्या है पूरा मामला

Gwalior News : ग्वालियर में पिछले दिनों खाकी को शर्मसार करने वाले तीनों निलंबित पुलिसकर्मी अब इनामी भी हो गए हैं, घटना के बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ सिरोल थाने में FIR दर्ज की थी और उनकी तलाश कर रही थी लेकिन जब तीनों आरोपित निलंबित पुलिसकर्मी पकड़ में नहीं आये तो पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने तीनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।

यह था पूरा मामला

शनिवार की रात को गोला का मंदिर थाने में पदस्थ उप निरीक्षक मुकुल यादव को थाना सिरोल के अंतर्गत आने वाली एमके सिटी टाउन शिप के फ्लैट नंबर-105 में क्रिकेट पर सट्टा लगवाने की खबर मिली थी। एस आई ने इसकी सूचना क्राइम ब्रांच के प्रधान आरक्षक विकास तोमर और आरक्षक राहुल यादव को दी और दोनों को साथ लेकर वह एमके सिटी के फ्लैट पर पहुंच गया, बताया जाता है कि इनके साथ एक निजी व्यक्ति भी था। इन लोगों ने फ्लैट में घुसकर 15 सट्टेबाजों को पकड़ा, पुलिस ने इनके पास से 10 हजार रुपये नगद, दो मोबाइल छीन लिए, जब पुलिस ने इनके मोबाइल देखे तो उसमें लाखों रुपये का हिसाब-किताब मिला, तो नीयत बदल गई और एस आई  मुकुल यादव ने अपनी पिस्टल दिखाकर इन्हें धमकाया, उनसे खातों की जानकारी मांगी, पासवर्ड पूछे फिर दो खातों से 23 लाख 15 हजार रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर सिरोल थाना पुलिस को कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया।

गिरफ्तार सटोरियों के बयान से हुई वसूली की पुष्टि, FIR दर्ज  

रात में हुई कार्रवाई की खबर तो पुलिस तक पहुंची लेकिन इसमें हुए खेल की जानकारी पुलिस को नहीं मिली, लेकिन सुबह होते ही यह खबर अफसरों तक पहुंच गई, पुलिसकर्मियों की इस करतूत से गुस्साए एसपी राजेश सिंह चंदेल ने क्राइम ब्रांच के डीएसपी सियाज केएम (IPS) को जांच सौंपी। उन्होंने प्रारंभिक जांच की और तीन सट्टेबाजों के बयान लिए। बयान से  23.25 लाख रुपये वसूलने की पुष्टि हो गई। रुपये वसूलने की पुष्टि होते ही एसपी के निर्देश पर सिरोल थाने में आईपीसी की धारा 384, 389, 294, 506 के तहत तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

इन दो खातों में एस आई ने ट्रांसफर किये 23.25 लाख रुपये

पुलिस पड़ताल में पता चला कि एमके सिटी में सट्टा आशीष सोनी खिला रहा था, उसके और अन्य लोगों के खिलाफ जुआ सट्टा एक्ट में मामला दर्ज किया गया है लेकिन पुलिस से जुड़े मामले में आशीष सोनी फरियादी है, आशीष सोनी और उसके साथी दतिया के रहने वाले हैं, शुरूआती जाँच में सामने आया है कि एस आई मुकुल ने शिवम नरेश पटवार के खाता नंबर 100209131141 और आनंद अहिरवार के खाता नंबर 100209131120 से रकम खातों में 23.25 लाख रुपये ट्रांसफर की है। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।

नहीं हुई गिरफ्तारी, अब 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित 

वसूली के आरोपी तीनों पुलिसकर्मी की गिरफ़्तारी के प्रयास पुलिस ने किये लेकिन वे गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। एसपी राजेश सिंह चंदेल ने तीनों को निलंबित कर दिया। इनकी विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। इस क्रम में एसपी ने आज उप निरीक्षक मुकुल यादव, प्रधान आरक्षक विकास तोमर और आरक्षक राहुल यादव पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews