दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, एक ही कंपनी का खास मॉडल चुराते थे, 10 मोटरसाइकिल बरामद

Gwalior News

Gwalior News : क्या आपने चोरों को चोरी करने वाली चीज के लिए सिलेक्टिव होते कभी सुना हैं? शायद नहीं सुना होगा चलो हम ही बता देते हैं, ग्वालियर पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को पकड़ने में सफलता हासिल की है, ये चोर हीरो कंपनी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को निशाना बनाते थे और फिर उसकी पहचान थोड़ी बहुत बदलकर उसे ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ती कीमत पर बेच देते थे, पुलिस ने इनके कब्जे से 10 मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

एडिशनल एसपी ऋषिकेश मीना ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि शहर में वाहन चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली की दो व्यक्ति एमएच चौराहे मुरार के पास चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की कोशिश कर रहे है।

सूचना मिलते ही मुरार थाने के टी आई मदन मोहन मालवीय को उनकी टीम के साथ मुखबिर के बताये स्थान पर भेजने के निर्देश दिए गए, एमएच चौराहे पर पुलिस को दो संदिग्ध लड़के एक स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल लिये खड़े दिखे। पुलिस टीम को देखकर लड़कों ने मोटरसाइकिल स्टार्ट कर भागने का प्रयास लिया लेकिन पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को मोटरसाइकिल सहित घेराबंदी कर पकड़ लिया।

शातिर चोर ग्वालियर जिले के ही निवासी 

पुलिस द्वारा नाम पता पूछने पर उनके द्वारा हुरावली ग्वालियर एवं ग्राम बनौली थाना उटीला का रहने वाला बताया। मोटर साइकिल के संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास किया गया, लेकिन कड़ाई से  पूछताछ करने पर उन्होंने उक्त मोटर साइकिल स्पलेण्डर प्रो को गणेश मंदिर के पास सब्जी मण्डी मुरार से चोरी करना बताया।

जिला न्यायालय के आसपास और भीड़ भरे बाजार से चोरी करते थे 

पुलिस ने दोनों वाहन चोरों से जब और कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने मुरार थाना क्षेत्र से 04 स्प्लेण्डर मोटर साइकिल तथा इन्दरगंज थाना क्षेत्र से 06 स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये चोरों की निशादेही पर चोरी की गई सभी 10 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया गया। पकड़े गये शातिर वाहन चोरों द्वारा  सभी मोटरसाइकिलों को करीब 1 माह के अंदर चोरी किया गया है।

एक बदमाश हत्या का आरोपी, दूसरे के खिलाफ जुआ, चोरी के मामले   

पूछताछ में चोरों ने बताया कि उन्होंने अधिकतर थाना इंदरगंज क्षेत्रान्तर्गत न्यायालय परिसर और उसके आसपास एवं थाना मुरार क्षेत्र के मुरार बाजार से हीरो स्प्लेण्डर कंपनी की मोटरसाइकिलों को चोरी किया है। पकड़े गये शातिर वाहन चोर में से एक के खिलाफ थाना मुरार में चोरी के 03 तथा जुआ का 01 प्रकरण पंजीबद्ध है। आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में जानकारी ली जा रही है। पकड़े गये आरोपियों में एक आरोपी पूर्व में थाना बहोड़ापुर क्षेत्र में सेवानिवृत उप निरीक्षक की हत्या में आरोपी है और जमानत पर है। पकड़े गये आरोपियों से जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस रिमाण्ड लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

ये था तरीका ए वारदात

एडिशनल एसपी ने बताया कि शातिर बदमाश स्प्लेंडर मोटरसाइकिल ही चोरी करते थे ये इसका ताला आसानी से खोल लेते थे और फिर लेकर भाग जाते थे, कोई शक न करे इसलिये ये लोग उसकी शक्ल सूरत बदल दिया करते थे, मोटरसाइकिल की टंकी पर फोर्ड कंपनी का स्टीकर लगा देते थे,  नम्बर प्लेट को हटा देते थे, जिससे कोई अपनी मोटरसाइकिल को पहचान ना सके। आरोपीगण चोरी की इन मोटरसाइकिलों को मोहनपुर के पास जंगल में छुपाकर धीरे-धीरे गांव में खेती किसानी का काम करने वाले व्यक्तियों एवं अन्य राज्यों से काम करने के लिये आये हुये मजदूरों को बेच देते थे या फिर किराये पर दे देते थे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews