म्यूल बैंक खाते खरीदने-बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश मास्टरमाइंड सहित 7 आरोपी गिरफ्तार, नाइजीरिया-चीन तक जुड़ा नेटवर्क उजागर

ये पूरा गोरखधंधा एमपी ऑनलाइन कियोस्क सेंटर पर चल रहा था, पुलिस ने उसके संचालक सहित सात आरोपियों को किया गिरफ्तार किया है। पकड़े गये मास्टर माइंड का अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन मिला है।
Gwalior police busted buying selling mule bank accounts gang

Gwalior police busted buying selling mule bank accounts gang

ग्वालियर पुलिस की साइबर क्राइम विंग ने फर्जी मैरिज ब्यूरो खोलकर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करने के बाद एक और बड़ा खेल उजागर किया है, ग्वालियर पुलिस ने साइबर फ्रॉड करने के लिए म्यूल बैंक खाते खरीदने व बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर मास्टरमाइंड सहित 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, शुरूआती पूछताछ में गैंग का नाइजीरिया-चीन तक जुड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है, पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।

ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 23 दिसंबर को ग्वालियर पुलिस को मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि नया बाजार स्थित बाबा महाकाल कियोस्क सेंटर के संचालक द्वारा म्यूल बैंक खाते साइबर फ्रॉड कार्य के लिए खोले जाते हैं, इस सूचना के बाद एडिशनल एसपी क्राइम को सूचना की तस्दीक कर एक्शन लेने के निर्देश दिए गए।

निर्देश मिलते ही साइबर क्राइम विंग की टीम ने 23 दिसंबर को ही नया बाजार स्थित बाबा महाकाल के संचालक नरेन्द्र सिकरवार के यहां दबिश दी और बाबा महाकाल कियोस्क द्वारा खोले गये बैंक खातों का रिकॉर्ड चेक किया तो पाया कि उनमें से ज्यादातर बैंक खाते बाहरी राज्यों से किसी न किसी साइबर फ्रॉड में रिपोर्टेड हैं, टीम ने तलाशी के दौरान संचालक से फ्रॉड कार्य के लिए भविष्य में उपयोग किये जाने वाले फिनो बैंक के एटीएम कार्ड की किट बरामद की।

बाबा महाकाल कियोस्क सेंटर पर काला धंधा 

पूछताछ में मालूम चला कि इस गैंग के अन्य सदस्य भी हैं जो बैंक खाते खरीदने व बेचने व बैंक खाते खुलवाने का काम करते हैं। फिर पुलिस ने इस काम में लगे बाबा महाकाल संचालक के पांच साथियों को पकड़ लिया सभी से पूछताछ की तो मालूम चला कि सोनू जाटव नाम का व्यक्ति है, जो ग्वालियर में म्यूल खाते खरीदने व बेचने का मास्टरमाइंड है, ग्वालियर में जितने भी बैंक खाते खुलवाए जाते हैं, वह बैंक खाते इस व्यक्ति के द्वारा ही खरीदे जाते हैं।

साइबर फ्रॉड की राशि भेजते थे विदेश 

ये सूचना मिलने पर पुलिस टीम द्वारा तकनीकी जानकारी के आधार पर सोनू जाटव को पकड़ लिया गया। सोनू जाटव ने पूछताछ में बताया कि ग्वालियर में जो भी व्यक्ति साइबर फ्रॉड करने के लिए बैंक खाते बेचते हैं उन खातों को मैं खरीदता हूं व उदयपुर में अपने साथी को देता हॅूं। उसने बताया कि साइबर फ्रॉड की राशि को यूएसडीटी में कन्वर्ट करके विदेशों में भेजता हॅू।

क्रिप्टो करेंसी, नाइजीरिया, चीन कनेक्शन उजागर 

आरोपी के मोबाइल की चेट चेक की गई तो नाइजीरिया, चीन आदि देशों में बातचीत होना पाया गया है। अभी तक की पूछताछ में पता चला है कि ग्वालियर के सैकड़ों बैंक खाते आरोपी सोनू जाटव अपने साथियों को साइबर फ्रॉड के लिए दे चुका है इन खातों से कितनी राशि अभी तक क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से विदेश में भेजी गई है इस संबंध में जांच की जा रही है।

इन्हें कहते हैं म्यूल बैंक खाते 

जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को लालच देकर बैंक खाता खुलवाते हैं, व उन बैंक खातों को साइबर फ्रॉड के काम में उपयोग करते हैं व बेचते हैं  इन्हीं बैंक खातों को म्यूल खाते कहते हैं । ग्वालियर में ज्यादातर म्यूल बैंक खाते नया बाजार स्थित बाबा महाकाल ऑनलाइन कियोस्क के संचालक द्वारा खोले जाते हैं, आरोपियों द्वारा ये काम मोबाइल के माध्यम से ही किया जाता था। मोबाइल जांच में अन्य खुलासे होने की संभावना है।

शिवपुरी जिले का रहने वाला है मास्टरमाइंड 

पुलिस ने जिन 7आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें मास्टर माइंड सोनू जाटव शिवपुरी जिले के नरवर के कैखोड़  गाँव का रहने वाला है। इसके अलावा नरेन्द्र सिंह, बृजेश रजक, अजय परिहार, नकुल परिहार, नीकेश साहू और परमार सिंह पाल को पुलिस ने पकड़ा है ये सभी ग्वालियर के रहने वाले हैं। पुलिस ने गिरोह के पास से 84 एटीम कार्ड और  9 मोबाइल जब्त किये हैं।

अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews