ग्वालियर पुलिस ने किया दो लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक अभी भी फरार

ग्वालियर पुलिस ने किया दो लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक अभी भी फरार

Gwalior Crime News : ग्वालियर की गोला का मंदिर थाना पुलिस ने लूट करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट की दो घटनाओं का  खुलासा किया है, पुलिस ने लूट की घटनाओं में प्रयुक्त मोटर सायकिल, नकली पिस्टल व लूटे गए दो मोबाइल व कैश बरामद किया है। पुलिस को उम्मीद है कि लुटेरों से अन्य घटनाओं के भी सुराग मिल सकते हैं।

पुलिस अधीक्षक अमित सांघी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना गोले का मंदिर क्षेत्र में एमआईटीएस कॉलेज के पास डॉक्टर के साथ लूट करने वाले बदमाश मोटर सायकिल लिए किसी वारदात को करने की नियत से कटारे फार्म के पास खड़े हुए हैं। सूचना मिलने पर एसपी ने एडिशनल एसपी क्राइम राजेश दण्डोतिया को थाना गोले का मंदिर के पुलिस बल की टीम बनाकर बदमाशों की तस्दीक कर पकड़ने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी सीएसपी मुरार संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में टीई गोला का मंदिर थाना धर्मेन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस फ़ोर्स मुखबिर के बताये स्थान कटारे फार्म के पास पहुंचे तो दो संदिग्ध व्यक्ति मोटर सायकिल लिये हुए खड़े दिखे, पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने मोटर सायिकल सहित भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने बदमाशों का पीछा कर पकड़ लिया।

बदमाशों ने दो लूट करना स्वीकार किया

पकड़े गये संदिग्धों से कृषि विज्ञान केन्द्र के सामने हुई लूट की घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने अपने साथी के साथ मिलकर लूट करना स्वीकार किया। पकड़े गये दोनों लुटेरों से पुलिस टीम द्वारा की गई पूछताछ में ज्ञात हुआ कि एक मालनपुर तथा दूसरा गोहद जिला भिण्ड का रहने वाला है। उनके द्वारा लूट की घटना में अपने एक और साथी के होने की बात बताई।

पुलिस ने लूटा गया पूरा सामान बरामद किया

पकड़े गये एक आरोपी से लूट की घटना में प्रयुक्त होण्डा कंपनी की मोटर सायकिल, नकली पिस्टल एवं एमआईटीएस कॉलेज के पास से लूटा गया मोबाइल, 2000/-रूपये नगद जप्त किये गये तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के सामने से हुई लूट में गया एक मोबाइल व 1500/-रूपये नगद दूसरे आरोपी से जप्त किये गये। उक्त लूट की घटना में संलिप्त पकड़े गये आरोपियों का एक अन्य साथी अभी फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा प्रयास किये जा रहे हैं। पकड़े गये आरोपियों का पूर्व का आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

ये दो घटनाएँ की थी लुटेरों ने

गौरतलब है कि 28 दिसंबर को गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में कृषि विज्ञान केन्द्र के सामने और एमआईटीएस कॉलेज के पास से लूट की घटनाएं हुई। कृषि विज्ञान केंद्र के सामने फरियादिया दीक्षा रात्रि में स्कूटी से अपने घर जा रहीं थी, तभी मेला ग्राउण्ड के सामने स्टेशन रोड पर दो मोटर सायकिल सवार बदमाशों द्वारा स्कूटी रोककर पर्स छीनकर भाग गये थे। फरियादिया के उक्त पर्स मेें ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल, 1500/-रूपये नगद, एक चांदी का सिक्का, दो एटीएम कार्ड, दो क्रेडिट कार्ड एवं एक आईडी कार्ड रखा हुआ था। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना गोले का मन्दिर में अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध धारा 392, 34 भादवि एवं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। एक अन्य लूट की घटना में फरियादी डॉ. सौरभ सिंघई सुरेश नगर स्थित अपने क्लीनिक से घर जा रहे थे, एमआईटीएस कॉलेज के पास तीन मोटर सायकिल सवार बदमाश आये और पर्स, मोबाइल, क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड व वाहन के दस्तावेज आदि लूटकर ले गये। फरियादी के पर्स में पांच हजार रूपये नगद थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना गोले का मन्दिर में अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध धारा 392 भादवि एवं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews