ग्वालियर पुलिस की सफलता, गर्भवती महिला के अपहरण में शामिल 10 हजार रुपये का इनामी बदमाश गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

ग्वालियर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहरण की घटना के अगले ही दिन 9 अक्टूबर को जंगलों में उतरकर अपहृत गर्भवती अंजू को मुक्त करा लिया था लेकिन पुलिस की मुस्तैदी देखकर बदमाश भाग गए थे, इन्हीं में से एक बदमाश को आज पुलिस ने पकड़ लिया। ।
Gwalior Police Success

ग्वालियर पुलिस ने गर्भवती महिला के अपहरण में शामिल एक बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था, आरोपी कार से तिघरा क्षेत्र में कार से घूम रहा था लेकिन पुलिस के मजबूत मुखबिर तंत्र की नजर से बच नहीं सका और पुलिस ने उसे दबोच लिया, पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।

बीती 8 अक्टूबर को तिघरा थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्जा में रहने वाले बृजलाल गुर्जर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ बदमाशों ने उसकी गर्भवती बहू का बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया है, बृजलाल ने बताया उसके बेटे गिर्राज गुर्जर का विवाह 2024 में श्योपुर जिले के सेसईपुरा में रहने वाली अंजू के साथ हुआ था। लेकिन शादी के समय मुरैना जिले के तिलौधा, सरायछौला निवासी जोगेन्द्र उर्फ जोगा उर्फ योगी गुर्जर ने विरोध करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।

बंदूक की नोक पर घर से उठा ले गए थे गर्भवती महिला को 

फरियादी ने बताया कि 8 अक्टूबर की शाम जोगेन्द्र उर्फ योगी गुर्जर अपने साथियों अंके गुर्जर, कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर, डीपी गुर्जर, तहसीला गुर्जर, शेरू गुर्जर, भोला गुर्जर, रवि गुर्जर, सत्यवीर गुर्जर, प्रदीप गुर्जर एवं अन्य 4-5 लोगों के साथ बंदूक लेकर फरियादी के घर पहुँचा और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बदमाशों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट करते हुए उसकी गर्भवती बहू अंजू गुर्जर को जबरदस्ती बंदूक की नोक पर उठा ले गए।

बदमाशों की तलाश में पुलिस उतरी जंगलों में 

तिघरा थाना पुलिस ने बृजलाल की रिपोर्ट पर अपहरण की धाराओं सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। महिला के अपहरण की जानकारी सामने आते ही एसपी धर्मवीर सिंह ने थाना तिघरा, क्राइम ब्रांच एवं अन्य थानों की पुलिस टीमों को आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। बदमाशों की तलाश में एडिशनल एसपी IPS अनु बेनीवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी जंगल में उतरे, एसपी धर्मवीर सिंह ने भी गाँवों में जाकर बदमाशों के बारे में जानकारी हासिल की

महिला को पहले ही मुक्त करा चुकी है पुलिस 

तलाशी के दौरान पुलिस ने अगले ही दिन अपहृत गर्भवती अंजू  को जंगल से रिकवर कर लिया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ डॉक्टर्स की देखरेख में उसकी डिलीवरी हो गई, उधर पुलिस की सर्चिंग टीम बदमाशों की तलाश में लगातार जुटी रही और आज उसे एक बदमाश को पकड़ने में सफलता मिल गई।

कार से तिघरा क्षेत्र में घूम रहा था आरोपी

एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि आज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अपहरण में शामिल एक 10 हजार का इनामी आरोपी अंके गुर्जर एक सफेद रंग की बिटारा ब्रेज़ा कार से तिघरा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर थाना पुरानी छावनी एवं तिघरा पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस टीम द्वारा रामप्रसाद का पुरा से कुलैथ चौराहे की ओर जा रही कार को पीछा कर सीएम राइज स्कूल के आगे मंत्री सिटी के पास रोका।

मुख्य आरोपी का भाई है गिरफ्तार बदमाश 

दोनों पुलिस पार्टियों ने कार की घेराबंदी कर गेट खुलवाया तो उसमे ड्राइवर सीट पर बैठा एक व्यक्ति मुखबिर के बताये हुलिए का दिखा, पुलिस के पूछने पर उसने अपना नाम अंकित उर्फ अंके गुर्जर उम्र 18 साल निवासी ग्राम तिलौधा थाना सरायछौला जिला मुरैना का बताया। अपहरण के बारे में पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों सहित घटना घटित करना स्वीकार किया।

पुलिस कर रही फरार आरोपियों की तलाश 

पुलिस ने जब सफेद रंग की बिटारा ब्रेजा कार के संबध में पूछताछ की तो उसने बताया कि ये कार उसके भाई जोगेन्द्र उर्फ योगेन्द्र उर्फ योगी के दोस्त की है। तिघरा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बिटारा ब्रेज़ा कार को जप्त कर लिया पुलिस घटना में शामिल फरार साथियों के ठिकानों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews