
Gwalior News : क्या देसी घी कभी विवाद का कारण बन सकता है, सुनकर आश्चर्य होता है लेकिन ये सच है, ग्वालियर में ऐसा हुआ है जब पत्नी ने अपनी तीन साल की मासूम के लिए पति से उस समय रोटी पर लगाने के लिए घी मांग लिया जब वो खुद घी चुपड़ी रोटी खा रहा था। इससे पतिदेव नाराज हो गए और पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया जिससे वो घायल हो गई । पुलिस थाने में शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई जिसके बाद आज पत्नी ने एसपी ऑफिस पहुंचकर गुहार लगाई है ।
सिर में पट्टी बांधे तीन साल की मासूम बेटी को गोद में लिए एक महिला आज एसपी ऑफिस की जन सुनवाई में पहुंची, उसने जो समस्या बताई उसे सुनकर कोई विश्वास ही नहीं कर रहा था, पीड़ित महिला सीमा शाक्य ने बताया कि वो और उसका पति वीरेन्द्र मजदूरी करते हैं और बहोड़ापुर थाने के किशनबाग़ में रहते हैं। उसपर कुल्हाड़ी से वार हुआ है।
बेटी ने जिद की तो पत्नी ने मांगा घी, पति ने कुल्हाड़ी मारी
उसने बताया कि पिछले दिनों उसका पति घी चुपड़ी रोटी खा रहा था उसी समय उसकी तीन साल की बेटी ने भी रोटी पर घी लगाने की जिद की, मैंने पति से बेटी की रोटी पर लगाने के लिए घी मांगा तो उसने गाली गलौज की, मारपीट की और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, पति कहने लगा अपने बाप के घर से घी लाई थी क्या और उसने घी के डिब्बे में ताला लगा दिया।
पत्नी का आरोप, बेटी होने के ताने देता है पति
सीमा ने कहा कि उसका पति खाने की चीजों में ताला लगाकर रखता है, उसने बताया कि पति हर बात पर मारपीट करता है, उसे बेटी पैदा करने के लिए भी ताने देता है। उसने पति की शिकायत बहोड़ापुर थाने में भी की जहाँ पुलिस ने कुल्हाड़ी से हमले की जगह एफआईआर में डंडे से वार लिख दिया मैंने इस पर सवाल किया तो मुझसे बोले हमारे सामने तो नहं मारा तो कैसे लिख दे?
पुलिस के आला अधिकारियों के पास पहुंचा मामला
महिला की शिकायत लेने के बाद सीएसपी आयुष गुप्ता ने कहा महिला की शिकायत आई है पति पत्नी के बीच का विवाद है, घी से जुड़ा कोई मामला है, थाने को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
[dgv_vimeo_video id=”1040016341″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

