पांच महीने पहले कहीं खो गए “लड्डू गोपाल”, नहीं मिला सुराग, ग्वालियर IG ने गठित की एसआईटी

विजया शर्मा रोते हुए कहती हैं कि भगवान भले मेरे प्राण ले ले लेकिन मेरे लड्डू गोपाल को मेरे घर वापस पहुंचा दें, उनके बिना घर सूना हो गया है।
SIT formed search for Laddu Gopal

SIT formed search for Laddu Gopal

कहते हैं भक्त और भगवान के बीच एक ऐसा सम्बन्ध होता है जिसे वो ही समझ पाता है और महसूस करता है, हम सभी ने इसके कई उदाहरण हमारे धार्मिक ग्रंथों और किस्से कहानियों के माध्यम से सुने हैं लेकिन ग्वालियर में एक ऐसा ही घटनाक्रम हुआ है जिसे सुनकर इस रिश्ते की अहमियत समझ आती है, मामला “लड्डू गोपाल” की  मूर्ति से जुड़ा है।

दरअसल ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अलकापुरी में रहने वाली विजया शर्मा की “लड्डू गोपाल” की मूर्ति की तलाश तीन थानों की पुलिस करेगी , आईजी पुलिस अरविंद सक्सेना ने सीएसपी किरण अहिरवार के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए हैं आईजी ने कहा है कि टीम में ऐसे पुलिस कर्मी रखे जाएँ जिनकी भगवान के श्रद्धा और आस्था हो।

मामला कुछ ऐसा है, 29 जनवरी को विजया शर्मा अपनी बहन माधवी शर्मा के साथ कान्हा जी की पोशाक लेने महाराज बाड़ा गई थी उन्होंने वहां खरीदारी की और फिर उन्होंने माधौगंज से सब्जी के ठेले पर सब्जी खरीदी यहीं किसी ठेले पर उनके लड्डू गोपाल रह गए, जब उन्हें ध्यान आया और तलाश किया तो वे नहीं मिले।

पांच महीने से तलाश रही है “लड्डू गोपाल” को 

उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई , पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले लेकिन कुछ मालूम नहीं चला , इस दौरान  विजया कई बार पुलिस थाने गई वरिष्ठ अधिकारियों से मिलीं लेकिन कोई लाभ नहीं मिला उनके लड्डू गोपाल कहीं नहीं मिले, विजया आज आईजी अरविंद सक्सेना से मिलीं उन्हें पूरी बात बताई, आईजी ने विजया शर्मा की भावना का आदर करते हुए उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया।

आईजी ने SIT गठित करने के निर्देश दिए 

आईजी ने मीडिया को बताया कि भक्त का उसके भगवान के प्रति भाव देखकर मैंने उन्हें भरोसा दिया है पुलिस उनके लड्डू गोपाल की तलाश करने का पूरा प्रयास करेगी, उन्होंने सीएसपी किरण अहिरवार को निर्देश दिए कि महाराज बाड़ा क्षेत्र के तीन थानों के स्टाफ को मिलाकर एक एसआईटी बनाये और उसमें ऐसे लोग शामिल करें जो भगवान में आस्था और श्राद्ध रखते हों और जितनी जल्दी हो सके लड्डू गोपाल की तलाश करें।

विजया ने की 5000 रुपये इनाम की घोषणा 

विजया के मुताबिक कान्हा जी के बिना उनका घर सूना हो गया है किसी का मन नहीं लगता कोई ठीक से खाना नहीं खाता, लड्डू गोपाल से बहुत अधिक स्नेह करने वाली विजया रोते हुए कहती हैं, मेरे कान्हा जी मेरे सपने में आये थे उनका कहना है वो कष्ट में हैं उन्हें चोट लगी है, उन्होंने लड्डू गोपाल ढूंढ कर लाने वाले को 5 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews