Lok Sabha Election 2024 Result : ग्वालियर BJP में जश्न, पार्टी प्रत्याशी को फूलमालाओं से लादा, 400 पार के नारे पर कह दी बड़ी बात

400 पार का नारा फेल होने के सवाल पर भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि अभी अंतिम परिणाम आने दीजिये हो सकता है उससे आगे निकल जाएँ ।
Bharat Singh Kushwaha

Lok Sabha Election 2024 Result : मध्य प्रदेश में पिछली बार की तुलना में अच्छा प्रदर्शन कर सभी 29 सीटें जीतने की तरफ बढ़ रही भाजपा ग्वालियर सीट भी जीतने वाली है, यहाँ से पार्टी प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह 55 हजार वोटों से ज्यादा के अंतर से आगे चल रहे हैं, परिणाम को देखते हुए ग्वालियर भाजपा में जश्न का माहौल है, कार्यकर्ताओं ने भारत सिंह का जोरदार स्वागत किया और उनको फूलमालाओं से लाद दिया और मिठाई बांटी। निर्णायक बढ़त हासिल करने के बाद भारत सिंह सबसे पहले मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में माथा टेकने गए।

ग्वालियर सीट पर भाजपा के प्रत्याशी मप्र सरकार के पूर्व  मंत्री भारत सिंह और पूर्व विधायक कांग्रेस के प्रवीण पाठक के बीच कड़ा मुकाबला था, प्रवीण पाठक के धुंआधार प्रचार को देखते हुए यहाँ इस बार परिवर्तन की उम्मीद की जा रही थी लेकिन कई दशक पुरानी अपनी इस सीट पर भाजपा ने अपना कब्ज़ा बरक़रार रखा है, हालाँकि अभी भारत सिंह की जीत की अधिकृत घोषणा होना शेष है।

अभी तक जो परिणाम सामने आया है उसके मुताबिक भाजपा के भारत सिंह कुशवाह को 5,78,891 वोट मिले हैं जबकि कांग्रेस के प्रवीण पाठक को 5,23,760 वोट मिले हैं यानि भारत सिंह कुशवाह अभी 55,131 वोट से आगे चल रहे हैं, चूँकि अब बहुत कम राउंड बचे हैं इसलिए भारत सिंह की जीत पक्की मानी जा रही है।

कार्यकर्ताओं ने भारत सिंह को फूलमालाओं से लाद दिया 

निर्णायक लीड हासिल कर भारत सिंह कुशवाह मतगणना स्थल से बाहर आकर पार्टी के चुनाव कार्यालय पहुंचे जहाँ  शहर जिला अध्यक्ष अभय चौधरी और ग्रामीण जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया, कार्यकर्ता भारत सिंह जिंदाबाद, मोहन यादव जिंदाबाद और पीएम मोदी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।

मेरी जीत पीएम मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं की जीत

मीडिया से बात करते हुए भारत सिंह कुशवाह ने अपनी जीत को पीएम मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं की जीत बताया, उनके विकास के अच्छे कामों की जीत बताया, उन्होंने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और तरक्की की तरफ बढ़ेगा , 400 पार का नारा फेल होने के सवाल पर भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि अभी अंतिम परिणाम आने दीजिये हो सकता है उससे आगे निकल जाएँ ।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews