
Gwalior News : ग्वालियर में पिछले दिनों एक महिला की दुष्कर्म के बाद हुई हत्या से कांग्रेस (Congress) में गुस्सा है, महिला कांग्रेस (Mahila Congress) का कहना है कि ग्वालियर में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, ना सरकार इसपर ध्यान दे रही और ना ही ग्वालियर पुलिस प्रशासन। आक्रोशित महिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल के नेतृत्व में एसपी ऑफिस पहुंचकर प्रदर्शन किया और एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि महिला अपराधों पर अंकुश नहीं लगा तो परिणाम अच्छे नहीं होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल के नेतृत्व में प्रदर्शन
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, वरिष्ठ नेत्री रश्मि पवार शर्मा और ग्वालियर जिला अध्यक्ष मीनू परिहार के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की सैकड़ों नेत्रियों ने एसपी ऑफिस का घेराव किया और प्रदर्शन किया। माधौगंज थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
सीएम शिवराज सिंह चौहान पर लगाये आरोप
विभा पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद को भाई और मामा कहते हैं लेकिन आज उनकी बहनें और भांजियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है, अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं हैं, उलटे उनके हौसले बुलंद हैं लेकिन महिला कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महिला अपराधों पर शीघ्र अंकुश नहीं लगा तो प्रदेश के हर जिले में महिला कांग्रेस जंगी प्रदर्शन करेगी।
एसपी ने ज्ञापन लेने के बाद कही ये बात
उधर ज्ञापन लेने के बाद एसपी राजेश सिंह चंदेल ने कहा कि जिस अपराध की बात महिला कांग्रेस ने की है उसमें आरोपी और मृतका एक दूसरे को पहले से जानते थे, पुलिस ने इसमें तेजी से एक्शन लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है, रही बात अपराधों पर अंकुश की तो पुलिस अपना काम कर रही है, हम अपनी गश्त को और तेज करेंगे जिससे सभी सुरक्षित महसूस करें।
[dgv_vimeo_video id=”823678157″]
[dgv_vimeo_video id=”823678281″]
[dgv_vimeo_video id=”823678483″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

