भिंड से भोपाल जा रहा 4 लाख रुपये का मावा ग्वालियर में जब्त, खाद्य सुरक्षा टीम ने सेंपल जाँच के लिए भेजे

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने महिन्द्रा बोलेरो वाहन को रोककर जाँच की। वाहन में कुल 47 डलिया मावा पाया गया। जिसका कुल वजन 1,640 किग्रा और आकलित मूल्य 4 लाख 10 हजार रुपए बताया गया है।
Mawa seized Gwalior

दिवाली नजदीक आते ही मिलावटखोर माफिया सक्रिय हो जाता है, चंबल अंचल के भिंड और मुरैना जिले में नकली और मिलावटी मावा तैयार करने वाली फैक्ट्री शुरू हो जाती है और फिर मावे को पूरे प्रदेश सहित पडोसी राज्यों राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने का सिलसिला शुरू हो जाता है, इसी क्रम में भिंड से भोपाल जा रहा 4 लाख रुपये का मावा मिलावट के शक में जब्त किया है।

दिवाली को ध्यान में रखकर ग्वालियर में पड़ोसी जिलों से आने वाले मावा पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों द्वारा  निगरानी रखी जा रही हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने खाद्य मावा व अन्य खाद्य पदार्थ लेकर दूसरे जिलों से आ रहे वाहनों की लगातार जांच करने के निर्देश सुरक्षा विभाग की टीम को दिए हैं। इस कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बीती रात बरेठा टोल प्लाजा पर भिण्ड जिले से आ रहे एक वाहन से 47 डलियों में रखा लगभग 1640 किलोग्राम मावा जब्त किया गया है। मावा की कीमत लगभग 4 लाख 10 हजार रूपए आंकी गई है।

4 लाख 10 हजार रुपए का मावा जब्त 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार शिरोमणि, गोविंद नारायण सरगैयां, सतीश कुमार धाकड़ एवं सतीश शर्मा की टीम ने बीती रात लगभग 11 बजे बरेठा टोल प्लाजा पर भिण्ड की ओर से आ रहे महिन्द्रा बोलेरो वाहन को रोककर जाँच की। वाहन में कुल 47 डलिया मावा पाया गया। जिसका कुल वजन 1,640 किग्रा और आकलित मूल्य 4 लाख 10 हजार रुपए बताया गया। वाहन चालक तिलक सिंह निवासी प्रतापुरा, गोरमी जिला भिण्ड ने बताया कि यह मावा ग्राम बलारपुरा जिला भिण्ड से भोपाल भेजा जा रहा है। मौके पर प्रस्तुत दस्तावेजों पर रामजीलाल पुत्र छोटेसिंह ग्राम बलारपुरा, भिण्ड का नाम दर्ज मिला है।

सेंपल जाँच के लिए भोपाल लैब भेजे 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार धाकड़ ने मावा के पांच नमूने लिए और 47 डलिया नियमानुसार जप्त की गई। जप्त माल और वाहन को प्रारम्भिक कार्रवाई के लिए बरेठा पुलिस चौकी पर लाया गया। लिए गए नमूनों को विस्तृत जाँच के लिये राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।

जाँच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई 

प्रयोगशाला से जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी। जब्त मावा सेवन के लिये अनुपयुक्त पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा टीम ने इस प्रकार के अवैध परिवहन एवं असुरक्षित खाद्य सामग्री पर लगातार कार्रवाई करने की बात कही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews