
Gwalior News : ग्वालियर में बदमाशों के हौसले कितने बुलंद हैं इसका अंदाजा आज बैंक के गेट पर हुई लूट की घटना से समझ आता है। दो बदमाशों ने बैंक से 50,000 रुपये निकालकर गेट पर खड़े एक बुजुर्ग के बैग में रखे रुपये लूटे और तीसरे साथी के साथ मोटर साइकिल पर बैठ कर भाग गए, बुजुर्ग ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने बैंक मैनेजर से मदद की गुहार लगाई लेकिन बैंक मैनेजर ने कोई मदद नहीं की, वे अकेले ही पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचे।
पीड़ित बुजुर्ग हरज्ञान सिंह भदौरिया ने मीडिया को बताया कि वे न्यू कांच मिल क्षेत्र में रहते हैं उनका बेटा लखनऊ से आने वाला है, उसे प्लाट लेना है उसके लिए ही 50,000/- रुपये निकालने सेन्ट्रल बैंक तानसेन नगर चौराहे पर आये थे, उन्होंने रुपये निकाले और जैसे ही वे बैंक के गेट पर आये वहां खड़े दो बदमाशों ने बैग से रुपये लूटे और फरार हो गए। उन्होंने बताया कि उनका के बेटा फ़ौज में सूबेदार है और दूसरा CRPF में कमांडो है।
बुजुर्ग हरज्ञान ने बताया कि घटना होने के बाद वे बैंक मैनेजर के पास गए और पुलिस में शिकायत करने का निवेदन किया लेकिन मैनेजर ने मदद से इंकार कर दिया उन्होंने कहा कि आपको खुद जाना होगा, वे हजीरा चौकी गए तो वहां ताला लगा था फिर वे वापस बैंक आये और फिर पुलिस के पास उन्होंने शिकायत की, मामला ग्वालियर थाना क्षेत्र का है।
उधर पुलिस ने कहा कि घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, बुजुर्ग को पता ही नहीं चला कि का बदमाशों ने उनके बैग से पैसे निकाल लिए, पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही हैं, वहीं कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने घटना को पुलिस और सरकार की निष्क्रियता बताया है उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में नेता मस्त हैं और जनता त्रस्त है, अपराधियों के हौसले बुलंद है।
[dgv_vimeo_video id=”845909039″]
[dgv_vimeo_video id=”845911171″]
[dgv_vimeo_video id=”845909740″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

