भितरवार: गणतंत्र दिवस पर सरकारी स्कूल में नहीं फहराया गया तिरंगा, उपसरपंच ने लगाए गंभीर आरोप, विद्यालय की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए सवाल

ग्वालियर जिले के भितरवार स्थित ग्राम लुहारी के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण नहीं किया गया। उपसरपंच ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिक्षा विभाग से जांच की मांग की है।
भितरवार: गणतंत्र दिवस पर सरकारी स्कूल में नहीं फहराया गया तिरंगा, उपसरपंच ने लगाए गंभीर आरोप, विद्यालय की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए सवाल

ग्वालियर जिले के भितरवार अनुविभाग में गणतंत्र दिवस के मौके पर शिक्षा विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां पूरा देश 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व के जश्न में डूबा था, वहीं ग्राम लुहारी स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। विद्यालय में ध्वजारोहण नहीं किया गया, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में स्कूल में पदस्थ शिक्षकों के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।

प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल

राष्ट्रीय पर्व पर स्कूल में कोई हलचल न होने से स्थानीय जनप्रतिनिधि भी हैरान हैं। ग्राम पंचायत लुहारी के उपसरपंच बिजेंद्र सिंह ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को स्कूल में न तो नियमनुसार ध्वजारोहण हुआ और न ही बच्चों के लिए कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

“हमें यह तक जानकारी नहीं मिल पाई कि विद्यालय कब खुला और कब बंद हुआ। राष्ट्रीय पर्व की इस तरह अनदेखी करना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे विद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं।” — बिजेंद्र सिंह, उपसरपंच

ग्रामीणों ने की जांच की मांग

स्कूल प्रबंधन द्वारा गणतंत्र दिवस जैसे महत्वपूर्ण दिन की अनदेखी किए जाने से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों का यह रवैया उनकी कर्तव्यनिष्ठा पर सवाल खड़े करता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले की जांच की मांग की है, ताकि दोषियों पर उचित कार्रवाई की जा सके।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews