
Gwalior News : राजस्व महा अभियान के तहत राजस्व विभाग से जुड़े मामलों की समीक्षा करने ग्वालियर आये राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा काम की लेटलतीफी और भ्रष्टाचार को लेकर बहुत गंभीर दिखाई दिए। उन्होंने कहा मेरे विभाग में काम की गति बहुत धीमी है इसलिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कहने पर महा अभियान चलाया है, मैंने 30 दिन का समय दिया है, यदि इस अवधि में नामांतरण नहीं किया तो कर्मचारी अधिकारी खुद को सस्पेंड समझे, मैं किसी को भी मुफ्त की चाय नहीं पीने दूंगा। उन्होंने कहा कि सोच बदलनी होगी जनता को भगवान समझना होगा, उसकी सेवा करनी होगी।
मंत्री के सख्त निर्देश- 30 दिन में नामांतरण नहीं हुआ तो अधिकारी कर्मचारी खुद को सस्पेंड समझे
ग्वालियर स्थित राजस्व भवन (संभाग आयुक्त कार्यालय) में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि हमने 45 दिन का महा अभियान शुरू किया है इसमें हम अपने विभाग की पेंडेंसी को ही खत्म करेंगे बल्कि विभाग को भ्रष्टाचार मुक्त भी बनायेंगे। मीडिया से बात करते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि मैंने निर्देश दिए हैं कि 30 दिन में नामांतरण हो जाना चाहिए नहीं तो अधिकारी कर्मचारी खुद को सस्पेंड समझे।
एक जगह जमे पटवारियों के खिलाफ होगा एक्शन
बरसों से एक ही जगह जमे पटवारियों के सवाल पर राजस्व मंत्री ने कहा कि इस विषय पर भी चर्चा हुई है जल्दी ही इस पर निर्णय लिया जायेगा। पटवारियों के रिश्वत लेते पकड़े जाने के सवाल पर राजस्व मंत्री ने कहा कि बहुत लोग भ्रष्टाचार कर रहे हैं ये अकेले तो नहीं कर रहे लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। हम राजस्व विभाग में अच्छा परिवर्तन लायेंगे, अभी मैं चुप हूँ समय सीमा में काम नहीं होंगे तो फिर एक्शन होगा।
एक ही लक्ष्य- जनता को भगवान मानों, उसकी सेवा करो
एक सवाल के जवाब में मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा मैंने सभी से कहा है कि हम सब एक परिवार हैं आप मंदिर की जगह जनता के बीच जायें, वो ही हमारा भगवान है ,उसका काम करोगे तो मान सम्मान, धन दौलत सब मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने काम नहीं किया तो सजा मिलेगी, मैंने निर्देश दिए हैं कि गाँव में जाएँ वाचन करें, ढोंडी पिटवायें कि जिसका नक्शा ख़राब हो वो सुधरवा ले, किसी कको नामांतरण करवाना हो करवा ले। मंत्री ने कहा – हमें सोच बदलनी होगी, हमारा लक्ष्य एक ही है जनता को भगवान का स्वरुप मानकर उसकी सेवा करनी होगी ।
मंत्री की सख्ती- किसी की मुफ्त की चाय नहीं पीने दूंगा
मंत्री ने कहा कि मैंने निर्देश दिए हैं कि नामांतरण में एक रुपये का खर्चा नहीं आएगा किसानों को भी कोई परेशानी अब नहीं होगी, मैं भ्रष्टाचार बिलकुल सहन नहीं करूँगा, मैंने कहा है कि मैं किसी को मुफ्त की एक चाय भी नहीं पीने दूंगा, कोई सुई बराबर भी शिकायत मिली तो कार्रवाई होगी, कोई भी हो उसे सजा जरुर मिलेगी।
[dgv_vimeo_video id=”908210786″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

