
Gwalior News : गुना के सुप्रसिद्ध श्री हनुमान टेकरी मंदिर से आभूषण चोरी करने वाले चोर 6 दिन बाद भी बे-सुराग हैं, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसके बाद पुलिस ने चोरों की तलाश तेज कर दी है। उधर हनुमानजी के आभूषण चुराने वाले 6 अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना ने 30 हजार रुपये का नगद इनाम घोषित किया है। जो भी व्यक्ति विधि संगत तरीके से इन आरोपियों को गिरफ्तार कराने में मदद करेंगे, उन्हें यह इनाम प्रदान किया जायेगा।
6 बदमाशों ने दिया चोरी को अंजाम
गौरतलब है कि 24 – 25 अगस्त की मध्य रात्रि में 6 बदमाशों ने गुना के सुप्रसिद्ध श्री हनुमान टेकरी मंदिर से हनुमानजी की मूर्ति से चाँदी का मुकुट, चाँदी का पर्वत, चाँदी का छत्र, चाँदी के दो गदा, चाँदी के आठ कड़े, चाँदी की दो माला, एक जोड़ी चाँदी की चरण पादुका, चाँदी का एक हृदय भूषण तथा सिद्धबाबा मंदिर से चाँदी का त्रिपुण्ड, दुर्गा माता का चाँदी का मुकुट व दान पात्र में रखी गई धनराशि की डकैती की गई थी। इन आरोपियों ने मंदिर के चौकीदार को बांधकर इस वारदात को अंजाम दिया था। साथ ही चौकीदार शिशुपाल यादव का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी लूटकर ले गए थे।
IG ने 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया
पुलिस ने इन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना गुना में डकैती व अन्य आपराधिक धाराओं में प्रकरण दर्ज किया, पुलिस अधीक्षक गुना द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर अरविंद सक्सेना ने गिरफ्तारी का इनाम बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया है।
चोरी करने से पहले जोड़े हाथ, घटना का CCTV वायरल
चोरी की इस घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है जिसमें चोर मास्क पहने हुए और पूरे शरीर को गाउन से ढंके हुए हैं, चोर आभूषण उतारने से पहले हनुमान जी के सामने हाथ जोड़ कर खड़े दिखाई दे रहे हैं।
[dgv_vimeo_video id=”1005140312″]
[dgv_vimeo_video id=”1005141188″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

