SIR : सजा भी इनाम भी, लापरवाह BLO सहायक की सेवा समाप्त, देर तक काम करने वालों को कलेक्टर ने दी समोसा पार्टी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में गणना पत्रक भरवाने में मतदाताओं की मदद करें । साथ ही समय सीमा के अंदर मतदाता से गणना पत्रक को कलेक्ट भी करें। उन्होंने इस कार्य को शीघ्रता के साथ करने के निर्देश दिए हैं ।
SIR Gwalior Collector

मध्य प्रदेश में देश के अन्य राज्यों की तरह ही SIR प्रक्रिया चल रही है, BLO घर घर जाकर फॉर्म दे रहे हैं और उसे भरवा रहे हैं फिर उसे अपलोड कर रहे हैं, चुनाव आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी इस काम की निगरानी कर रहे हैं इस दौरान अच्छा काम करने वाले को प्रोत्साहन मिल रहा हैं वहीं लापरवाह कर्मचारी को सजा मिल रही है

ग्वालियर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान की निगरानी में जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य यानि एसआईआर चल रही है, इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे लगातार निर्वाचन के कार्य में लगे कर्मचारियों के काम का निरीक्षण कर रही है, इसी दौरान उन्होंने एक लापरवाह कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दी वहीं अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को समोसा पार्टी दी।

BLO सहायक की सेवा समाप्त 

निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही और असहयोग करना नगर निगम के आउट सोर्स कर्मचारी धर्मेन्द्र सिंह यादव को भारी पड़ा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर नगर निगम द्वारा धर्मेन्द्र यादव को सेवा से हटा दिया गया है। अपर आयुक्त नगर निगम ने इस आशय का पत्र जारी किया है। उन्होंने इस पत्र के जरिए संबंधित कंपनी अर्थात सेंगर सिक्योरिटी एंड लेवर सर्विसेज लिमिटेड को धर्मेन्द्र यादव की सेवाएं वापस कर दीं हैं।

मतदान केंद्र से बिना सूचना रहे गायब 

बता दें आउटसोर्स श्रमिक धर्मेंद्र यादव जल प्रदाय उपखण्ड लश्कर पश्चिम क्षेत्र के 02 पीएचई विभाग में पदस्थ थे।
इनकी ड्यूटी शासकीय प्राथमिक विद्यालय भवन गोल पहाड़िया के पूर्वी भाग कमरा नंबर 02 मतदान क्रमांक 68 पर बीएलओ के सहायक के रूप में लगाई गई थी। लेकिन ये अपने इस दायित्व पर अनुपस्थित रहे जिससे एसआईआर का कार्य प्रभावित हुआ। इस कारण इनकी सेवाये संबंधित ऐजेंसी को वापस की गईं हैं।

कलेक्टर ने बीएलओ की टीम को खिलाए समोसे

ग्वालियर में एसआईआर (मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य के तहत केआरजी कॉलेज में देर तक बीएलओ और पटवारी की टीम काम कर रही है। गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे कलेक्टर रुचिका चौहान ने केआरजी कॉलेज में निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने गजराराजा स्कूल में एसआईआर कार्य का निरीक्षण किया, कर्मचारियों को गंभीरता से काम करते ही कलेक्टर खुश हुईं और उनके काम की प्रशंसा की और  सभी को समोसे खिलाए। समोसे खाकर कर्मचारियों ने कलेक्टर को धन्यवाद दिया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews