माफिया पर अब कसेगा शिकंजा, प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने बनाई रणनीति

माफिया पर अब कसेगा शिकंजा, प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने बनाई रणनीति

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। मध्यप्रदेश सरकार के निर्देश पर शहर में दीपावली के बाद तेजी से एंटी माफिया अभियान चलाया जाएगा। इसमें अवैध आय अर्जित करने वालों एवं मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन, पुलिस व नगर निगम द्वारा संयुक्त टीम बनाकर यह कार्रवाई की जाएगी। इस आशय का निर्णय शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए दिए गए निर्देशों के बाद संभाग आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक आशीष सक्सेना की अध्यक्षता में आयोजित हुई वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में लिया गया।

बैठक में संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना ने निर्देश दिए कि शहर में किसी प्रकार से अवैध आय अर्जित करने वालों एवं सामान्य नागरिकों को परेशान करने वालों, खाद्य सामाग्री में मिलावट कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाकर तेजी से कार्रवाई करें। इसके साथ ही शासकीय जमीनों पर कब्जा करने वालों से जमीनों को मुक्त कराने की कार्रवाई भी तेजी से की जाए।

पुलिस महानिरीक्षक अविनाश शर्मा ने कहा कि समाज में रहकर जो लोग विभिन्न प्रकार के अपराध कर रहे हैं और पैसे कमा रहे हैं उनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करनी है। उन्होंने कहा कि रेत माफिया, भू-माफिया, खाद माफिया, मिलावटखोर, चिटफंट कंपनी संचालक सहित अवैध धंधा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करें।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम सहित अन्य विभागों की टीम बनाकर मिलावट खोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारी अपना सूचनातंत्र मजबूत बनाएं और मिलावट एवं अन्य गलत कार्य करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करें। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अभियान में अधिकारी बडे़ बड़े माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही करें।

ग्वालियर नगर निगम बालभवन के ऑडोटोरियम में आयोजित हुई बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अविनाश शर्मा, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, निगमायुक्त संदीप माकिन, अपर कलेक्टर किशोर कान्याल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, समस्त डिप्टी कलेक्टर, अपर आयुक्त, तहसीलदार एवं नगर निगम के वार्ड मॉनीटर उपस्थित रहे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews