पुलिस थाने में जमा रिवॉल्वर चोरी! CM Helpline पहुंची शिकायत

पुलिस थाने में जमा रिवॉल्वर चोरी! CM Helpline पहुंची शिकायत

Gwalior News : ग्वालियर शहर में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है, अनोखा इसलिए है कि चोरी जिस जगह से हुई है वहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता, यानि चोरी पुलिस थाने के मालखाने से हुई है। चौंक गए आप, जी हाँ आपने सही समझा, ग्वालियर शहर के एक पुलिस थाने के मालखाने में जमा शहर के व्यापारी की रिवॉल्वर गायब हो गई है, सम्भावना जताई जा रही है कि वो चोरी (revolver stolen from police station)  हो गई है, पुलिस के रवैये से परेशान व्यापारी ने सीएम हेल्पलाइन में इसकी शिकायत दर्ज कराई है, शिकायत दर्ज होते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि रिवॉल्वर का पता लगाया जा रहा है, नहीं मिलने पर चोरी की शिकायत दर्ज की जाएगी और दोषी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

आचार संहिता में जमा की थी रिवॉल्वर

ग्वालियर शहर के थाटीपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले इलेक्ट्रोनिक्स कारोबारी नीलेश शर्मा की पुलिस थाने में जमा रिवॉल्वर गायब हो गई है, उन्होंने नगर निगम चुनाव के दौरान आचार संहिता का पालन करते हुए 8 जून को 2022 को रिवॉल्वर जमा की थी, आचार संहिता हटने के बाद वे थाटीपुर थाने रिवॉल्वर लेने गए तो पुलिस वालों ने कहा कि थाने में बहुत हथियार हैं कहीं दबी होगी, बाद में आकर ले जाना। वे कुछ दिन बाद गए तो फिर पुलिस ने यही कहा, ऐसा उनके साथ करीब 15-20 बार हुआ।

पुलिस ने खूब लगवाये थाने के चक्कर

जब वे पिछले दिनों फिर पुलिस थाने गए तो वहां केवल पांच पिस्टल थी एक भी रिवॉल्वर नहीं थी, जब पुलिस से पूछा तो पुलिस ने कहा कि उन्होंने सब जगह देख लिया, मालखाना चैक कर लिया लेकिन कहीं नहीं मिल रही, व्यापारी ने पुलिस के रवैये से परेशान होकर सीएम हेल्पलाइन में इसकी शिकायत कर दी और एक शिकायती आवेदन पुलिस थाने में दे दिया, शिकायत होते ही भोपाल से लेकर ग्वालियर तक हडकंप मच गया।

शिकायत के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप

एडिशनल एसपी राजेश डंडोतिया का कहना है कि व्यापारी की रिवॉल्वर तलाशी जा रही है, पूरा रिकॉर्ड देखा जा रहा है, ये जांच का विषय है, यदि नहीं मिलेगी तो फिर चोरी की शिकायत दर्ज की जाएगी और फिर इसमें जिसकी गलती सामने आएगी उसके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

ग्वालियर पुलिस को हो रही किरकिरी

बहरहाल थाने से रिवॉल्वर चोरी का मामला भोपाल पहुंचने के बाद पुलिस की किरकिरी हो ही रही है साथ ही जनता अब ये सवाल कर रही है कि जब थाने में ही चोरियां हो रही है तो फिर शहर कैसे सुरक्षित रहेगा? अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी कार्रवाई करती है, वो रिवॉल्वर उसके मालिक तक पहुंचा पाती है या फिर दोषी पुलिसकर्मी को सामने लाकर उसके खिलाफ कार्यवाही करती है।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

[dgv_vimeo_video id=”782935450″]

[dgv_vimeo_video id=”782935813″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews