लुटेरे ने पहले घर का सामान बटोरा, फिर पैर छूकर मांगी माफी, कहा- बहन की शादी के कारण हूं मजबूर

लुटेरे ने पहले घर का सामान बटोरा, फिर पैर छूकर मांगी माफी, कहा- बहन की शादी के कारण हूं मजबूर

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। लुटेरे लूट के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं लेकिन ग्वालियर में एक अलग ही मामला सामने आया है। एक कारोबारी के घर लुटेरे ने चार लाख रूपये की लूट की और लूट करने के पहले कारोबारी की पत्नी के पैर छूकर अपनी बहन की शादी का बहाना बनाया और किये जा रहे अपराध के लिए क्षमा भी मांगी।

समाधिया कॉलोनी के कृष्णा एनक्लेव में दिलीप कुकरेजा रहते हैं जो पेशे से होजरी कारोबारी हैं। उनके घर में एक लुटेरा डिलीवरी बॉय बन के घुसा और दिलीप कुकरेजा की पत्नी वंदना को खिलौना बंदूक से धमकाया। लुटेरे ने महिला के हाथ पैर बांधे और मुंह पर टेप लगा दिया। इसके बाद उसने नौकरानी सुनीता को भी चाकू की नोंक पर धमकाया। फिर वह मजे से लूटपाट करता रहा और लगभग चार लाख रूपये का माल उसने बटोर लिया। लेकिन यह क्या, जब वह जाने लगा तो उसने कारोबारी की पत्नी के पैर छुए और बोला कि आप मेरी मां जैसी है लेकिन मेरी मजबूरी है कि बहन की शादी है। इसीलिए इस अपराध के लिए मुझे माफ कीजिए। उसने जो सामान लूटा उसमें ढाई लाख रूपये नगदी, आभूषण व अन्य सामग्री शामिल है।

दिलीप कुकरेजा की ग्वालियर के प्रसिद्ध महाराजबाड़ा में होजरी की दुकान है। सुबह वे और उनका बेटा दुकान पर चले गए थे और उसके बाद शाम 4 बजे एक युवक डिलीवरी बॉय बनकर घर पहुंचा। आते ही उसने पत्नी पर पिस्तौल तान दी लेकिन झूमाझटकी में पिस्तौल गिर गई और क्योंकि वह खिलौना पिस्तौल थी तो टूट गई। उसके बाद उसने चाकू निकाला और दिलीप की पत्नी वंदना को बांध दिया। फिर लूटपाट की और जाते जाते माफी मांगकर निकल लिया।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस लुटेरे की तलाश कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि लुटेरे के बारे में कुछ सुराग मिले हैं और जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत है और लोग सहमे हुए हैं कि अगर दिनदहाड़े इस तरह लूट की वारदातें होंगी तो ग्वालियर में कानून व्यवस्था की स्थिति कैसे सही रह पाएगी। ग्वालियर के व्यापारी मंडल ने भी एसपी से इस बात की शिकायत की है कि लगातार ग्वालियर में बढ़ रहे अपराधों को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को अब सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews