भितरवार। ग्वालियर जिले के भितरवार में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक ही रात में अलग अलग घरों को निशाना बनाया। सबसे बड़ी वारदात बिजली विभाग के सहायक अभियंता (AE) विजय सिंह चौहान के घर पर हुई, जहां चोरों ने उन्हें स्प्रे से बेहोश कर दिया और लाखों के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी हुए माल की कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना करहिया रोड इलाके की है, जहां इस सनसनीखेज वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
स्प्रे छिड़ककर की 9 लाख की चोरी
जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग में पदस्थ AE विजय सिंह चौहान अपने फ्लैट में सो रहे थे। देर रात चोरों ने उनके घर में घुसकर बेहोशी का स्प्रे छिड़क दिया, जिससे वह गहरी नींद में चले गए। इसके बाद चोरों ने इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला।
पीड़ित के मुताबिक, चोर घर में रखे 7 तोला सोने के जेवरात, आधा किलो चांदी के सिक्के और 20,000 रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 8 से 9 लाख रुपये आंकी गई है। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा देख उन्हें चोरी का पता चला।
बैंक कैशियर और एक अन्य घर भी निशाना
चोरों ने सिर्फ AE विजय सिंह चौहान के घर को ही नहीं, बल्कि उसी इलाके में रहने वाले मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक के एक कैशियर और विवेक रावत नामक व्यक्ति के फ्लैट को भी निशाना बनाया। एक ही रात में एक सरकारी अधिकारी और बैंककर्मी समेत तीन घरों में चोरी की घटना से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी और थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ितों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।






