दो पेज के सुसाइड नोट में पार्टनर पर 40 लाख रुपये हड़पने के आरोप, पति पत्नी का सुराग नहीं

दो पेज के सुसाइड नोट में पार्टनर पर 40 लाख रुपये हड़पने के आरोप, पति पत्नी का सुराग नहीं

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। ग्वालियर (Gwalior) में रहने वाले पति पत्नी (Husband wife) सोमवार को घर से दवा लेने की कहकर निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। पुलिस और परिजन उन्हें ढूंढ रहे हैं लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है, मासूम दो बच्चों ने मम्मी पापा की याद कर खाना नहीं खाया है। चिंता की बात ये है कि परिजनों को घर में दो पेज का एक सुसाइड नोट (Suicide Note) मिला है जिसमें गायब कारोबारी ने अपने पार्टनर पर 40 लाख रुपये हड़पने के गंभीर आरोप लगाये हैं उसने लिखा है कि मैं बहुत परेशान हो चुका हूँ अब सहन नहीं कर सकता।  मैं अपनी पत्नी के साथ मरने जा रहा हूँ। सुसाइड नोट (Suicide Note) में व्यापारी ने छोटे भाई से बदला लेने के लिए भी लिखा है।

ये भी पढ़ें – सीएम शिवराज ने प्रदेश को दी 4200 करोड़ रुपए की सौगात, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की वर्षा कॉलोनी में रहने वाले कारोबारी ब्रजेश प्रजापति सोमवार 5 अप्रैल की रात से पत्नी प्रीति के साथ गायब है।  परिजनों ने पहले उसकी तलाश की लेकिन जब कहीं सुराग नहीं मिला तो मंगलवार 6 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।  शिकायत के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

दो पेज का सुसाइड नोट मिला, पार्टनर पर 40 लाख हड़पने के आरोप 

परिजनों को तलाशी के दौरान दो पेज का एक सुसाइड नोट (Suicide Note) मिला है जिसमें ब्रजेश ने अपने पार्टनर मनोज प्रजापति पर 40 लाख रुपये हड़पने के आरोप लगाये हैं और लिखा है कि अब वो सहन नहीं कर सकता, उसे पार्टनर ने धोखा दिया है। इसलिए पत्नी प्रीति के साथ मरने जा रहा है। सुसाइड नोट (Suicide Note) में छोटे भाई को सम्बोधित करते हुए ब्रजेश ने लिखा है कि छोटू (प्रेम) तुझे मनोज प्रजापति से अपने भाई भाभी की मौत का बदला लेना है। परिजनों ने सुसाइड नोट पुलिस को सौंप दिया है।

सुसाइड नोट में लिखा कारोबार का पूरा हिसाब

परिजनों को मिले सुसाइड नोट (Suicide Note) में ब्रजेश ने लिखा है कि उसने 2020 में न्यू मुरारी ब्रिक्स के नाम गोराघाट दतिया के पास भट्टे का काम मुरारी, मनोज प्रजापति और मिंटू के साथ शुरू किया था। इसमें 65 रुपये का खर्चा आया था जिसमें 40 लाख रुपये मैंने अपने रिश्तेदारों से इकठ्ठा कर मनोज प्रजापति को दिये जो उसने अय्याशी,शराब में उड़ा दिए। वो मेरे से बेईमानी कर गया इसलिए मैं अपनी पत्नी के साथ मरने जा रहा हूँ। सुसाइड नोट (Suicide Note) में ब्रजेश ने किससे कितने पैसे उधार लिए पूरा हिसाब लिखा है।

दो मासूम बच्चों ने नहीं खाया है दो दिन से खाना 

ब्रजेश और प्रीति के दो बच्चे हैं 6 साल का बेटा कुणाल और 4 साल की बेटी वैष्णवी। दोनों बच्चे बार बार मम्मी पापा को याद कर रहे हैं उन्होंने खाना पीना छोड़ दिया है, घरवाले भी परेशान हैं।  परिजन किसी अनिष्ट की आशंका से आशंकित हैं। परिजनों के मुताबिक जाने से पहले ब्रजेश ने बच्चों को आइसक्रीम लाकर खिलाई थी और चाचा के पास छोड़ गए थे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश 

सीएसपी लोकेन्द्र सिंह का कहना है कि पति पत्नी 5 अप्रैल से गायब हैं 6 अप्रैल को परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई है  तभी से तलाश जारी है। परिजनों ने बताया है कि 4 अप्रैल को किसी से लेनदेन को लेकर विवाद हुआ है, सुसाइड नोट (Suicide Note) मिलने की बात भी सामने आई है पुलिस हर एंगल से तलाश कर रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews