होम क्वारेंटाइन का उल्लंघन कर रहे रिटायर एयर फोर्स ऑफिसर का हंगामा, पुलिस के साथ की अभद्रता

होम क्वारेंटाइन का उल्लंघन कर रहे रिटायर एयर फोर्स ऑफिसर का हंगामा, पुलिस के साथ की अभद्रता

ग्वालियर/अतुल सक्सेना

ग्वालियर में होम क्वारेंटाइन किये गए रिटायर एयर फोर्स ऑफिसर ने हंगामा कर दिया। क्वारेंटाइन का उल्लंघन करने पर उन्हें सोसाइटी के गार्ड ने टोका तो वे भड़क गए और जब पुलिस उनके घर पहुंची तो उन्होंने पुलिस के साथ भी अभद्रता की। सोसाइटी प्रेसिडेंट के साथ भी उन्होंने बहुत बहस की। उनका व्यवहार देखकर सोसाइटी ने कलेक्टर से उन्हें कहीं दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की है।

कोरोना के चलते सावधानी बरत रहे और लोगों की सुरक्षा में जुटे पुलिस प्रशासन के सामने अजीब स्थिति बन रही हैं, कभी पुलिस के साथ सड़क पर लोग बहस करते हैं तो कभी क्वारेंटाइन किये गए लोग उसके साथ बहस करते हैं। ऐसा ही एक मामला इंदरगंज थाना क्षेत्र के नौगजा रोड स्थित शुभम अपार्टमेंट में हुआ गई जब होम क्वारेंटाइन का उल्लंघन करने वाले रिटायर एयर वाइस मार्शल पुलिस पर भड़क गए। दरअसल पुलिस को शुभम अपार्टमेंट से सूचना मिली थी कि यहाँ 15 अप्रैल से 29 अप्रैल तक होम क्वारेंटाइन किये गए एक व्यक्ति जबरन सोसाइटी के बाहर जाना चाहते हैं। जब इन्हें गार्ड द्वारा रोका गया तो वे भड़क गए। सोसाइटी की अध्यक्ष रमा पाल ने भी उन्हे समझाने की कोशिश की तो भी वे नहीं मानें।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और जब मौके पर अपने स्टाफ के साथ पहुंचे सब इंस्पेक्टर रशीद खां ने जब उन्हें समझाने की कोशिश की तो वे पुलिस से आई कार्ड मांगने लगे और उनपर भड़कने लगे। वे जोर जोर से चिल्लाने लगे कि सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन हो रहा है, मुझे परेशान किया जा रहा है। जब उन्हें सोसायटी के कोषाध्यक्ष ने समझाते हुए कहा कि हम आपको परेशान नहीं कर रहे, उल्टा आपको घर पर ही दूध सहित अन्य जरूरी सामान उपलब्ध करा रहे हैं तो रिटायर्ड एयर फोर्स ऑफिसर कोषाध्यक्ष से तू तड़ाक से बात करने लगे। । इस बीच उनके साथ ही होम क्वारेंटाइन की गई उनकी पत्नी ने भी कई बार उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने पत्नी को भी सबके सामने झिड़क दिया । काफी देर हंगामे के बाद वे माने और उन्हें अंदर ही रहने की सलाह दी गई। उधर हंगामे के बाद शुभम हाउसिंग सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को पत्र लिखकर निवेदन किया है कि उनकी वजह से सोसायटी में डर का माहौल है इन्हें या तो यहाँ से कहीं और शिफ्ट किया जाए अथवा इनके दरवाजे पर पुलिस बैठायी जाए जिससे यहाँ आगे कोई हंगामा ना हो।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews