वीडी शर्मा ने किया जौरा आगर-मालवा उपचुनाव और नगरीय निकाय में जीत का दावा

वीडी शर्मा ने किया जौरा आगर-मालवा उपचुनाव और नगरीय निकाय में जीत का दावा

भोपाल/ग्वालियर। भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि जौरा, आगर-मालवा विधानसभा उपचुनाव बीजेपी ही जीतेगी, साथ ही उन्होने दावा किया कि नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव में भी बीजेपी का ही वर्चस्व रहेगा। शर्मा का कहना है कि उनका संगठन बेहद मज़बूत है और सभी कार्यकर्ता ज़मीनी स्तर पर हमेशा सक्रिय रहते हैं जिसका परिणाम इन चुनावों में देखने को मिलेगा। वीडी के दावे ने सियासी गलियारों में अच्छी खास हलचल पैदा कर दी है। खास बात ये है कि दावा ऐसे समय में किया है जब सत्तापक्ष में आपसी फूट और गुटबाजी हावी हो।वही कांग्रेस में नए पीसीसी चीफ का ऐलान भी होना बाकी है।

शर्मा ये बात ग्वालियर में कह रहे थे, प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार ग्वालियर पहुंचने के बाद उन्होने कहा कि प्रदेश की जनता इस एक डेढ़ साल में ही समझ चुकी है कि कांग्रेस केवल अंदरूनी कलह में ही उलझी है और जनता के लिये कोई विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। ऐसे में जनता खुद कांग्रेस से परेशान हो चुकी है और समझ गई है कि बीजेपी ही प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जा सकती है।

वही भोपाल में अध्यक्ष की कुर्सी संभालते हुए  वीडी ने कहा कि वे पूरी ताकत से सड़क पर उतरकर प्रदेश की कमलनाथ सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। शर्मा ने कहा कि सरकार के खिलाफ जो अभियान पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह ने शुरु किया था उसे और गति देकर आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि वे सबके स्नेह और आशीर्वाद से सबके साथ मिलकर संगठन को और मजबूत बनाएंगे।

इसके पहले मुरैना की दौरे पर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने बड़ा दावा करते हुए कहा था कि बीजेपी इसके लिए तैयार हैं। पूरी ताकत के साथ इन चुनावो में लड़ेगी और जीत भी दर्ज करेगी। वही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज भी इस तरह का दावा कर चुके है।  बीजेपी नए प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में इन दोनों सीटों को जीतने का बड़ा दावा कर रही है। हालांकि जीत किसकी होगी ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews