उपचुनाव से पहले पुलिस की बड़ी सफलता, दो हथियार तस्कर गिरफ्तार

उपचुनाव से पहले पुलिस की बड़ी सफलता, दो हथियार तस्कर गिरफ्तार

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। उप चुनावों से पहले अलर्ट मोड पर चल रही ग्वालियर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच ने दो हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 32 बोर की 9 पिस्टल मय मैगजीन और 16 जिंदा राउंड बरामद किये हैं।

पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ महीनों से अवैध और गैर कानूनी काम करने वाले बदमाशों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश एडिशनल एसपी क्राइम सतेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य अधिकारियों को दिये गए हैं। अधिकारियों द्वारा तैयार किये गए मुखबिर तंत्र ने पुलिस को सूचना दी कि रमौआ गाँव के पास हथियार की खेप लेकर कोई तस्कर लेकर आ रहा है। सूचना की जानकारी के बाद कार्रवाई के निर्देश सीएसपी क्राइम रतनेश सिंह तोमर को दिये गए उन्होंने टी आई क्राइम ब्रांच दामोदर गुप्ता को एक टीम बनाकर मुखबिर के बताये स्थान पर तैनात कर दी।

पुलिस को रमौआ गाँव के पास झांसी रोड पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिये। पुलिस ने इनकी घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में एक ने अपना नाम दत्ता बालू मालकोटे निवासी पुणे महाराष्ट्र और दूसरे ने अपना नाम गोलू उर्फ ललित रघुवंशी निवासी खरगौन बताया । पुलिस ने तलाशी के दौरान दत्ता बालू के कब्जे से 32 बोर की लोडेड पिस्टल मय मैगजीन और दो जिंदा राउंड और गोलू के पास मिले काले रंग के पिट्ठू बैग से 32 बोर की 8 पिस्टल मय मैगजीन और 14 जिंदा राउंड बरामद किये। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे खरगौन से हथियार लाते हैं और ग्वालियर एवं आसपास में 20 से 25 हजार रुपये में बेचते हैं। पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तस्कर ग्वालियर में किसे हथियार बेचने आये थे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews