महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष के बेटे को कुत्ते ने काटा, मामला पहुंचा पुलिस थाने, FIR

-Terror-of-stray-dogs

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। आम तौर पर पुलिस थानों में लड़ाई झगड़े या बड़े अपराधों के मामले पहुंचते हैं लेकिन ग्वालियर में एक ऐसा मामला पुलिस थाने पहुंचा है जिसे जानकर आप हैरान रह जायेंगे। ये मामला है कुत्ते के काटने का। जी हां, एक टाउन शिप में रहने वाली महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष के बेटे को टाउनशिप के मैनेजर द्वारा पाले गए कुत्ते ने काट लिया। जिसकी शिकायत कांग्रेस नेत्री (Congress Leader) ने पुलिस में की है।

ग्वालियर शहर की आधुनिक टाउनशिप विंडसर हिल्स (Windsor hills) में रहने वाली ग्वालियर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष रुचि गुप्ता (Ruchi Gupta) के बेटे को टाउन शिप में पार्क में खेलते समय एक कुत्ते ने काट लिया। जिससे उसके कई जगह गहरे घाव हो गए। बेटे की हालत देखकर रुचि गुप्ता परेशान हो गई और उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रुचि गुप्ता पत्नी संदीप ठाकुर ने सिरोल थाने में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। उन्होंने पुलिस को की शिकायत में कहा कि हम हर महीने मेंटेनेंस और सुरक्षा के नाम पर 2200 रुपये मैनेजर अजय कुमार मिश्रा और भूपेंद्र सिंह गुर्जर को देते हैं इन लोगों ने एक स्ट्रीट डॉग पाल रखा है। आज उनका 12 वर्षीय बेटा युवराज रवि ठाकुर टाउन शिप के पार्क में खेल रहा था तभी अजय और भूपेंद्र ने मेरे बेटे के पीछे अपना कुत्ता दौड़ा दिया। कुत्ते ने उनके इशारे पर मेरे बेटे पर हमला कर दिया जिससे उसके हाथ, छाती, कमर सहित कई जगह घाव हो गए और खरोंच के निशान बन गए। कुत्ते के हमले से मेरा बेटा घबरा गया। पुलिस ने रुचि गुप्ता की शिकायत पर IPC की धारा 1860 के सेक्शन 289 और IPC की धारा 1860 के सेक्शन 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कुत्ते के काटने के मामले में पुलिस थाने में हुई FIR शहर में चर्चा का विषय बन गई है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews