प्यार में मिला धोखा तो प्रेमिका के घर के बाहर प्रेमी ने खाया जहर, मौत

youth-committed-suicide-for-fail-in-love-in-gwalior

ग्वालियर। ग्वालियर। शहर के इंदरगंज थाना क्षेत्र में आज उस समय सनसनी फ़ैल गई जब एक युवक ने सरेआम जहर खा लिया। उसे जब तक अस्पताल पहुँचाया गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें लिखी बातों से पता चलता है कि प्रेमिका से धोखा मिलने के कारण युवक ने आत्महत्या की है।

मृतक प्रिंस राजपूत के पास से मिले सुसाइड नोट के मुताबिक वो इंदरगंज थाना क्षेत्र के गेंडे वाली सड़क पर रहने वाली युवती से प्यार करता था, आज सुबह वह अपनी प्रेमिका के घर के सामने पहुंचा और वहीं उसने जहर खा लिया।  जब हालत बिगड़ी तो उसने अपने बड़े भाई को फोन किया भाई ने घटनास्थल पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। 

सूचना पर पहुंची पुलिस को तलाशी में जो सुसाइड नोट मिला उसमें मृतक प्रिंस ने लिखा कि मैं (युवती का नाम) से बहुत प्यार करता हूं मैं उसके बिना नहीं जी सकता । रात में हम दोनों की बात भी हुई थी तो युवती ने कहा तुम मेरे लिये क्या कर सकते हों तो मैने कहा जान दे सकता हूँ फिर दोनों ने ग्वालियर किले से कूदने का प्लान बनाया था लेकिन वो नहीं आई,उसके प्रेम में पागल प्रिंस इतना जज्बाती हो गया कि उसने युवती के घर के सामने जाकर जहर खा लिया और मरकर अपना कहा सच साबित कर दिया। 

गौरतलब है अप्रैल में भी प्रिंस ने एक बार जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी लेकिन तब वो बच गया था। प्रिंस के परिजनों का आरोप है कि उस लड़की ने उसे झूठे प्रेम के जाल में फंसाकर धोखा दिया है। उनका कहना है प्रिंस उससे सच्चा प्यार करता था जबकि वो लड़की टाइम पास कर रही थी। हॉस्पिटल आने के बाद इंदरगंज थाना पुलिस को प्रेमी प्रिंस की मौत की खबर मिली। फ़िलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और वह पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और जांच के बाद कार्यवाही कीं बात कह रही है । पुलिस का कहना है कि मृतक की जेब से जो सुसाइड नोट मिला है उसकी भी जांच की जाएगी।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews