स्कूली छात्रा को रास्ते में रोक मनचले ने की छेड़छाड़, मना करने पर मारपीट कर वीडियो किया वायरल

स्कूली छात्रा को रास्ते में रोक मनचले ने की छेड़छाड़, मना करने पर मारपीट कर वीडियो किया वायरल

हरदा, डेस्क रिपोर्ट। मध्यप्रदेश (MP) में इन दिनों महिलाओं के साथ होने वाले अपराध में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इंदौर, भोपाल सहित कई जगह से छेड़खानी और प्रताड़ना के मामले सामने आ चुके हैं। हरदा (Harda) से भी स्कूली छात्रा के साथ छेड़खानी और मारपीट करने का मामला सामने आया है। मामले से छात्रा इतनी डर गई है कि उसने स्कूल जाना बंद कर दिया है। वहीं दूसरी और मनचले युवकों की हिम्मत इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि उन्होंने स्कूली छात्रा के साथ छेड़खानी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि, वह अभी पकड़ में नहीं आया है।

बता दें कि मामला अजनास गांव की एक स्कूली छात्रा के साथ हुआ है। छात्रा हरदा जिले के हाई स्कूल में पढ़ने के लिए रोजाना अपने गांव से 2 किलोमीटर दूर पैदल जाती है। रास्ते में उसके साथ युवक ने छेड़छाड़ की और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इन असामाजिक तत्वों ने फिल्मी स्टाइल में छात्रा को दिनदहाड़े सड़क पर रोका और छेड़छाड़ करने लगे। इतना ही नहीं वीडियो के साथ म्यूजिक लगाकर उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया।

Must Read- Free Fire कंपनी पर ED ने डाली रेड, ऑनलाइन गेमिंग में खाली हो रहे हैं लोगों के अकाउंट

पीड़ित छात्रा ने डर के मारे स्कूल जाना बंद कर दिया है। घटना से परेशान परिजन छात्रा को लेकर हंडिया थाने पहुंचे और लड़कों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ है वह 4 दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने युवक के खिलाफ केस बना लिया है और लगातार उसकी तलाशी की जा रही है।

इस मामले में हरदा कलेक्टर ऋषि गर्ग का कहना है कि शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी गांव में पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल करेंगे। एसपी ने बताया है कि आरोपियों के खिलाफ हंडिया थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews