हरदा: दशहरे और दीपावली से पहले मध्यप्रदेश में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रदेशभर में चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस अवैध पटाखे और बारूद जब्त कर आरोपियों पर शिकंजा कस रही है। इसी बीच, हरदा जिले में पुलिस ने एक मकान में बिना अनुमति और वैध लाइसेंस के बड़ी मात्रा में लाखों रुपये के पटाखे अवैध तरीके से जमा किये जाने का खुलासा किया है। पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया है।
बता दें कि हरदा पहले भी पटाखा विस्फोट की भयावह घटना का सामना कर चुका है। ऐसे में रिहायशी इलाके में भारी मात्रा में बारूद एवं अवैध पटाखे मिलने की घटना ने प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
जानकारी अनुसार, रविवार को सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरस्वती शिशु मंदिर के पास स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखे रखे गये हैं। सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई और मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को मकान से भरे हुये बड़े बॉक्स मिले।
पुलिस ने जब्त किया पटाखों का पूरा अवैध स्टॉक
इतना ही नहीं पुलिस को मौके से खाली बॉक्स और रैपर भी मिले है। जिसके बाद आशंका जताई जा रही है कि मकान पर अवैध रूप से पटाखों की री-पैकिंग का काम भी चल रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से पटाखों का पूरा अवैध स्टॉक जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी सागर तलरेजा के पास इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे जमा करने के लिये कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
पुलिस के अनुसार, घनी आबादी के बीच मकान में बिना अनुमति और सुरक्षा नियमों का पालन किये बगैर पटाखों का अवैध कारोबार किया जा रहा था। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।





