MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

हरदा में गड्ढों में तब्दील हुआ हाईवे! क्रेडिट वार के बीच विधायक आरके दोगने की 35 किलोमीटर लंबी पदयात्रा

हरदा में नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे की बदहाली को लेकर राजनीति गरमा गई है। सड़क मरम्मत की मांग को लेकर विधायक डॉ. आरके दोगने ने 35 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
हरदा में गड्ढों में तब्दील हुआ हाईवे

हरदा में नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे की जर्जर हालत को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों और परेशान होते लोगों की सुध लेने के लिए हरदा विधायक डॉ. आरके दोगने खुद मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने छीपाबड़ से हरदा तक करीब 35 किलोमीटर की लंबी पैदल यात्रा निकाली। यात्रा का मुख्य मकसद सरकार का ध्यान सड़क की बदहाली की ओर खींचना और मरम्मत का काम जल्द शुरू कराना था।

सड़क निर्माण का श्रेय लेने की मची होड़

इस सड़क को लेकर बीजेपी के पूर्व मंत्री कमल पटेल और विधायक आरके दोगने के बीच क्रेडिट वार भी देखने को मिल रहा है। दो दिन पहले पूर्व मंत्री ने निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर विधायक पर जुबानी हमला बोला था। इस पर पलटवार करते हुए विधायक दोगने ने कहा कि उन्होंने मार्च-अप्रैल में ही मुख्यमंत्री से मिलकर करीब 17 करोड़ रुपये मंजूर कराए थे। श्रेय लेने के चक्कर में जनहित की अनदेखी की जा रही है।

पदयात्रा के दौरान खुद भरे गड्ढे

27 सितंबर को शुरू हुई इस पदयात्रा के दौरान विधायक अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़े। रास्ते में जहां भी बड़े और खतरनाक गड्ढे मिले, वहां उन्होंने खुद गिट्टी और मिट्टी डालकर उन्हें भरने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों से सीधी बातचीत की। लोगों ने बताया कि इस हाईवे पर सफर करना अब हादसों को न्योता देने जैसा हो चुका है।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

पदयात्रा के समापन पर विधायक डॉ. दोगने सीधे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि स्वीकृत राशि से हाईवे का निर्माण कार्य तुरंत धरातल पर शुरू कराया जाए ताकि राहगीरों को राहत मिले। विधायक ने पूर्व मंत्री के आरोपों को खारिज करते हुए साफ किया कि जनता की इस समस्या का स्थाई समाधान होने तक वे चैन से नहीं बैठेंगे।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews
हरदा में गड्ढों में तब्दील हुआ हाईवे! क्रेडिट वार के बीच विधायक आरके दोगने की 35 किलोमीटर लंबी पदयात्रा