
हरियाणा सरकार अब हर घर में साफ पानी पहुंचाने और हर गांव में बेहतर सीवरेज सिस्टम बनाने को लेकर गंभीर है। इसी सिलसिले में वीरवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में जलापूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड की 58वीं बैठक हुई। बैठक में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे। बैठक में ग्रामीण और शहरी इलाकों की पेयजल और सीवरेज व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा के हर घर में स्वच्छ और पीने योग्य पानी पहुंचना चाहिए। इसके लिए जो योजनाएं पहले से मंजूर हैं, उन्हें तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी गांव या शहर में पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए। लोगों को स्वच्छ पानी समय पर मिले, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जाए।
गांवों में सीवरेज सिस्टम के साथ एसटीपी भी जरूरी
बैठक में अमरूत 2.0 योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में लगाए जा रहे सीवरेज सिस्टम की प्रगति की समीक्षा की गई। कुछ जगहों पर शिकायतें आने पर सीएम ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी गांव में सीवरेज योजना शुरू करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) लगाने की जगह और व्यवस्था हो। अभी तक 17 प्रोजेक्ट पूरे किए जा चुके हैं और 12 नए गांवों में काम जल्द शुरू किया जाएगा।
शहरी इलाकों में सीवरेज नेटवर्क होगा अपग्रेड
सीएम ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में सीवरेज नेटवर्क को अपग्रेड किया जाएगा ताकि गंदा पानी सीधे ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचे। उन्होंने नए सीवेज ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट्स तैयार करने का भी निर्देश दिया। इससे न केवल सफाई में सुधार होगा, बल्कि पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा। अधिकारियों को कहा गया कि शहरी क्षेत्रों में जहां जरूरत हो, वहां तुरंत योजना बनाकर काम शुरू किया जाए।
क्वालिटी चेक और विभागों में तालमेल पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जितने भी प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं, उनकी समय-समय पर गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए। इसके लिए क्वालिटी एश्योरेंस अथॉरिटी (QAA) द्वारा नियमित निरीक्षण कराया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपस में बेहतर तालमेल बनाकर काम करें ताकि जनता को समय पर सुविधाएं मिल सकें। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी सीएम को अब तक की प्रगति रिपोर्ट दी और बताया कि अधिकांश योजनाएं तय समय पर पूरी हो रही हैं।
