
दुष्यंत चौटाला
जननायक जनता पार्टी (जजपा) के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने फर्जी वोटर लिस्ट के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर तीखा सवाल उठाया है। उकलाना दौरे के दौरान बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बिहार में चल रही वोटर लिस्ट की सफाई प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग की मंशा पर संदेह जाहिर किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की आत्मा निष्पक्ष चुनाव में निहित है, और जब वोटिंग प्रक्रिया ही सवालों के घेरे में आ जाए, तो यह पूरे लोकतंत्र की नींव को हिला सकता है।
लोकसभा चुनाव से पहले क्यों नहीं SIR
दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं जब वोटर लिस्ट की सफाई जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया लोकसभा चुनाव के बाद की जाती है। उन्होंने कहा कि- “अगर देशभर में फर्जी वोटरों की समस्या है, तो इसे पहले क्यों नहीं उठाया गया? क्या यह केवल बिहार की समस्या है या पूरे देश में फैली हुई है?” उन्होंने यह भी कहा कि एक ही वोटर आईडी नंबर से दो या तीन स्थानों पर मतदान दर्ज होना गंभीर चुनावी भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। जबकि चुनाव आयोग के पास देशभर के वोटरों का पूरा डाटा मौजूद है, फिर भी यह स्थिति क्यों उत्पन्न होती है, यह एक बड़ा सवाल है।
चुनाव आयोग से मांगा श्वेत पत्र
चौटाला ने मांग की कि चुनाव आयोग को इस पूरे मामले पर एक श्वेत पत्र (White Paper) जारी करना चाहिए, ताकि जनता के सामने सच्चाई आए और उनके लोकतंत्र में विश्वास को ठेस न पहुंचे। उन्होंने कहा कि जजपा इस मुद्दे पर पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग करती है। पूर्व डिप्टी सीएम ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह इस विषय पर सक्रियता दिखाते हुए चुनाव आयोग से जवाबदेही सुनिश्चित करवाए। उन्होंने कहा कि- “यह कोई छोटी बात नहीं है। फर्जी वोटों के आधार पर चुनी गई सरकार की वैधता पर ही प्रश्नचिन्ह लग सकता है”
पार्टी संगठन को लेकर तैयार हो रही रणनीति
विकास योजनाओं से इतर दुष्यंत चौटाला ने पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 15 से 25 अगस्त के बीच पार्टी के जिला और राज्यस्तरीय कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद हलका स्तर पर संगठन विस्तार किया जाएगा। सितंबर तक जजपा का पूरा सांगठनिक ढांचा तैयार हो जाएगा और 9 दिसंबर को पार्टी का स्थापना दिवस प्रदेशभर में बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। “हम संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बना रहे हैं, ताकि लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया जा सके,” उन्होंने कहा।
हरियाणा में बढ़ते अपराध पर जताई चिंता
प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी चौटाला ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और पुलिस का नियंत्रण कमजोर होता जा रहा है। “पुलिस गायब है और गुंडे नायब बन गए हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है,” चौटाला ने कहा। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार तुरंत सख्त कदम उठाए और कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रण में लाए। उन्होंने कहा कि अब आम जनता को भी अपराध की खबरें नई नहीं लगतीं, जो दर्शाता है कि भय का माहौल आम होता जा रहा है। यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा – दोनों के लिए खतरा है।
