Hindi News

हरियाणा बोर्ड 12वीं के राजनीति विज्ञान पेपर में वॉट्सऐप से नकल का वीडियो वायरल, सोनीपत में 4 युवक आंसर लिखते दिखे, गणित की परीक्षा रद्द

Written by:Ankita Chourdia
Published:
हरियाणा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में नकल का एक और बड़ा मामला सामने आया है। सोनीपत के गन्नौर में परीक्षा केंद्र के बाहर वॉट्सऐप पर प्रश्न पत्र भेजकर नकल कराई जा रही थी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है। वहीं, बोर्ड ने एक दिन पहले चरखी दादरी में लीक हुए 10वीं के गणित के पेपर को रद्द कर दिया है।
हरियाणा बोर्ड 12वीं के राजनीति विज्ञान पेपर में वॉट्सऐप से नकल का वीडियो वायरल, सोनीपत में 4 युवक आंसर लिखते दिखे, गणित की परीक्षा रद्द

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को 12वीं कक्षा के राजनीति विज्ञान के पेपर के दौरान सोनीपत में वॉट्सऐप के जरिए नकल कराने का मामला सामने आया, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटना के बाद बोर्ड की कार्यप्रणाली पर फिर से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

वायरल वीडियो सोनीपत के गन्नौर ब्लॉक स्थित गांव खेड़ी गुर्जर के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ युवक परीक्षा केंद्र के बाहर अपने मोबाइल फोन पर व्यस्त हैं। उनके पास वॉट्सऐप के जरिए हाथ से लिखे हुए प्रश्न आए थे, जिनके जवाब वे तैयार कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, ये सभी प्रश्नपत्र के अलग-अलग सेट के एक-एक नंबर वाले सवाल थे।

नकल पर बोर्ड की कार्रवाई: 36 मामले दर्ज, 4 पर्यवेक्षक रिलीव

इस मामले पर संज्ञान लेते हुए बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि शुक्रवार को हुई राजनीति विज्ञान की परीक्षा में कुल 117,406 परीक्षार्थी शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश भर में नकल के कुल 36 मामले पकड़े गए। इनमें महेंद्रगढ़ जिले में 4, नूंह के पुन्हाना में 5 और रोहतक के रिटौली केंद्र पर एक केस प्रमुख है।

परीक्षा के संचालन में लापरवाही बरतने के आरोप में चार पर्यवेक्षकों को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से रिलीव कर दिया गया है। इनमें यमुनानगर से पंकज नागरा, तोशाम से बलवान सिंह, बावल से उदय सिंह और रोहतक से सुनील कुमार शामिल हैं।

चरखी दादरी में गणित का पेपर रद्द, सेंटर भी बदला गया

बोर्ड ने एक दिन पहले यानी गुरुवार को चरखी दादरी के गांव रानीला स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 10वीं कक्षा के गणित का पेपर लीक होने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।

बोर्ड चेयरमैन ने पुष्टि की कि इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। साथ ही, भविष्य की परीक्षाओं के लिए इस केंद्र को भी बदल दिया गया है। अब यहां की परीक्षाएं रॉयल इंटरनेशनल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बौंद कलां (चरखी दादरी) में आयोजित की जाएंगी।

हरियाणा बोर्ड 12वीं के राजनीति विज्ञान पेपर में वॉट्सऐप से नकल का वीडियो वायरल, सोनीपत में 4 युवक आंसर लिखते दिखे, गणित की परीक्षा रद्द

गौरतलब है कि गुरुवार को परीक्षा के दौरान ही गणित का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया था कि उनके वॉट्सऐप पर दोपहर 1:56 बजे पेपर आया था, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। इस मामले में एक छात्र और सेंटर एडवाइजर के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई गई है। इससे पहले बुधवार को परीक्षा के पहले दिन 12वीं अंग्रेजी के पेपर में नकल के 17 मामले सामने आए थे।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews